Hit And Drag Case: कैब लूटी, ड्राइवर को 200 मीटर तक घसीटा, VIDEO में कैद मौत का दर्दनाक मंजर
दिल्ली में एक बार फिर हिट-एंड-ड्रैग केस सामने आया है। बताया जा रहा है कि लुटेरों के एक ग्रुप ने पहले कैब ड्राइवर पर हमला बोला। उसके बाद उसकी टैक्सी को लेकर फरार होने लगे। विरोध पर लुटेरों ने कैब ड्राइवर को टक्कर मार दी। जिसके चलते ड्राइवर कैब में ही फंस गया।
लुटेरों ने कैब दौड़ाई और करीब 200 मीटर से अधिक दूर तक ड्राइवर को घसीटते रहे, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। आइए जानते हैं सिलसिलेवार घटना...

पुलिस के मुताबिक, कैब ड्राइवर महिपालपुर इलाके में अपनी टैक्सी चला रहा था, जब लुटेरों के एक ग्रुप ने उसका वाहन चुराने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया, तो भागने की कोशिश में उन्होंने उसे टैक्सी से टक्कर मार दी और उसे 200 मीटर से अधिक दूर तक घसीटते रहे, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर महिपालपुर के पास तेज रफ्तार टैक्सी ड्राइवर को घसीटते हुए दिख रही है।
फरीदाबाद का निवासी था मृतक
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11.30 बजे कैब ड्राइवर सड़क पर गंभीर हालत में मिला और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। बाद में उसकी पहचान फरीदाबाद निवासी बिजेंद्र के रूप में हुई जो टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता था।
कंझावला केस के जख्म किए हरे!
ऐसा ही हिट-एंड-ड्रैग का मामला 1 जनवरी को दिल्ली के कंझावला इलाके में सामने आया था। जब 20 वर्षीय महिला और उसका दोस्त स्कूटी पर घर लौट रहे थे। अंजलि सिंह नाम की महिला की उस समय मौत हो गई, जब उसके स्कूटर को एक कार ने टक्कर मार दी और उसे 12 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। उसका नग्न शव घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर पाया गया। मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications