दिल्ली सरकार के 20 फरवरी को 1 साल पूरे: आरोग्य मंदिर, ₹5 में खाना और फ्री बस कार्ड, कई योजनाओं की होगी शुरुआत
Delhi government 1 year: दिल्ली में बीजेपी सरकार अपने सत्ता में एक साल पूरे होने पर जनता को कई बड़ी सौगातें देने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं की लंबी सूची तैयार की है। अगले एक हफ्ते के भीतर राजधानी में आरोग्य मंदिर क्लीनिक, अटल कैंटीन, स्मार्ट क्लासरूम, पिंक स्मार्ट कार्ड और यमुना में फेरी सेवा जैसी कई योजनाओं का शुभारंभ होगा।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इन सभी कार्यक्रमों का मकसद सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना और यह दिखाना है कि एक साल में क्या-क्या काम किए गए।

पहली सालगिरह पर बड़ा आयोजन, अमित शाह होंगे शामिल
दिल्ली सरकार के एक साल पूरे होने पर 20 फरवरी को IGI स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इसी मंच से दिल्ली सरकार की कई अहम योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस मौके पर लाड़ली योजना के तहत आर्थिक सहायता जारी की जा सकती है। इसके अलावा होली से पहले मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर भी शुरू होने की संभावना है।
क्या हैं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कैसे मिलेगा फायदा
13 फरवरी को दिल्ली सरकार 100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्लीनिक लॉन्च करेगी। इन क्लीनिकों का मकसद मोहल्ला स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां जांच, दवाइयां और शुरुआती इलाज की सुविधा मिलेगी, जिससे बड़े अस्पतालों पर बोझ कम होगा और आम लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा। सरकार का दावा है कि ये क्लीनिक खासतौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए राहत साबित होंगे।
₹5 में भरपेट खाना, खुलेंगी अटल कैंटीन
21 फरवरी को दिल्ली में 25 अटल कैंटीन शुरू की जाएंगी। इन कैंटीनों में सिर्फ 5 रुपये में खाना मिलेगा। मजदूरों, दिहाड़ी कामगारों और जरूरतमंद लोगों के लिए यह योजना बड़ी राहत मानी जा रही है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले समय में इन कैंटीनों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
महिलाओं को फ्री सफर, पिंक स्मार्ट कार्ड की शुरुआत
महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा को और आसान बनाने के लिए सरकार पिंक स्मार्ट कार्ड लॉन्च करने जा रही है। इस कार्ड के जरिए महिलाओं को दिल्ली की सार्वजनिक बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। इससे टिकट व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और महिलाओं को रोजमर्रा की यात्रा में सहूलियत मिलेगी।
शिक्षा और बस्तियों पर भी फोकस
दिल्ली सरकार इस हफ्ते सीएम-श्री स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम और स्मार्ट लाइब्रेरी का भी उद्घाटन करेगी। इसके साथ ही एससी-एसटी बस्तियों के विकास के लिए 76 करोड़ रुपये के काम शुरू होंगे। सामाजिक कल्याण विभाग की ओर से ट्यूशन फीस की प्रतिपूर्ति की योजना भी लॉन्च की जाएगी।
पहले साल में क्या-क्या कर चुकी है सरकार
अब तक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार 500 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतार चुकी है। GB Pant अस्पताल में एडवांस CT स्कैन और कैथ लैब शुरू की गई। प्रदूषण पर नजर रखने के लिए 6 नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन लगाए गए।
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी। पार्टी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर किया था। रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब एक साल पूरे होने पर सरकार जनता के सामने अपने कामों का पूरा हिसाब रखने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications