दिल्ली में पटाखे पूरी तरह बैन होंगे या नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने क्या-कया कहा? क्यों किया विराट कोहली का जिक्र?
दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता (एयर क्वालिटी) खराब होते ही पटाखों और आतिशबाजी पर रोक लगाने का मुद्दा एक बार फिर देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। पटाखों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में तीखी बहस हुई और सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।
29 अक्टूबर को अदालत ने साफ किया कि वह त्योहार पर किसी की भावनाएं आहत नहीं करना चाहती, इसलिए वह पटाखों पर पूरी तरह बैन लगाने के पक्ष में नहीं है। हालाँकि कोर्ट ने साफ किया कि मौजूदा नियमों का सख्ती से पालन करवाना बेहद जरूरी है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्न बी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई अगले अगले हफ्ते सुनवाई करेगी। हालांकि पटाखों में बेरियम की मात्रा कितनी होनी चाहिए, इस मुद्दे पर सुनवाई दीवाली के बाद की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने विराट कोहली का नाम क्यों लिया?
सुनवाई के दौरान जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्न बी वराले की बेंच ने कहा कि सिर्फ कागजों पर हर साल आदेश जारी करने से प्रदूषण कम नहीं होगा। समाज में जागरूकता फैलाने के लिए कुछ नए और असरदार तरीके अपनाने होंगे। कोर्ट ने दिल्ली सरकार को सुझाव दिया कि वह युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए मशहूर हस्तियों की मदद ले।
जजों ने सीधे तौर पर भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का नाम लेते हुए पूछा कि सरकार वायु प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए उनके जैसे बड़े चेहरों का इस्तेमाल क्यों नहीं करती?
अदालत का कड़ा रुख: 'कागजी आदेश और नियम तोड़ना बन चुका है खेल'
अदालत ने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि हर साल इस मुद्दे पर निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन उनका पालन कम और उल्लंघन ज्यादा होता है। कोर्ट के लिए यह सुनवाई अब सिर्फ एक औपचारिकता जैसी बन गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने सरकारों और एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे प्रदूषण रोकने के लिए नई तकनीक और इनोवेशन पर ध्यान दें। अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रखते हुए कहा कि वह एक संतुलित आदेश पास करेगी, लेकिन असली परीक्षा इसे जमीन पर लागू करने की होगी।
एमिकस क्यूरी का चौंकाने वाला खुलासा: '14 साल के बच्चों के फेफड़े काले पड़े'
कोर्ट की मदद के लिए नियुक्त एमिकस क्यूरी अपराजिता सिंह ने स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर की बेहद डरावनी तस्वीर पेश की। उन्होंने डॉक्टरों के हवाले से बताया कि 1980 के दशक में फेफड़ों के कैंसर के 90 फीसदी मरीज स्मोकिंग करने वाले होते थे, लेकिन अब आधे मरीज ऐसे हैं जिन्होंने कभी सिगरेट को हाथ तक नहीं लगाया। दिल्ली के चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के मुताबिक अब 14 से 16 साल के उन बच्चों के फेफड़ों में भी काले धब्बे मिल रहे हैं जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया।
हवा में घुले PM2.5 जैसे बेहद छोटे कण सीधे खून में मिलकर शरीर के बाकी अंगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। एमिकस ने चेतावनी दी कि दिल्ली में प्रदूषण की वजह से लोगों की उम्र औसतन 4.7 साल घट रही है। दशहरे के छोटे से जश्न के बाद ही दिल्ली का AQI 241 पहुंच गया था।
ग्रीन पटाखों का सच और कारोबारियों का तर्क
याचिकाकर्ता गोपाल शंकरनारायणन और अर्जुन गोपाल की वकील उत्तरा बब्बर ने कोर्ट में बताया कि बाज़ार में ग्रीन क्रैर्स के नाम पर फर्जी सामान बेचा जा रहा है और इनके QR कोड भी काम नहीं कर रहे। इस पर एमिकस क्यूरी ने भी मुहर लगाई कि ग्रीन पटाखे भी पूरी तरह प्रदूषण मुक्त नहीं हैं, वे सामान्य पटाखों से सिर्फ 30 फीसदी कम धुआं छोड़ते हैं।
दूसरी तरफ पटाखा कारोबारियों की तरफ से वरिष्ठ वकील जे साई दीपक ने पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पूरी तरह बैन लगाने से अवैध कारोबार, तस्करी और घटिया पटाखों की बिक्री बढ़ जाती है। जो नियम मानकर काम कर रहे हैं, उन्हें भी नुकसान झेलना पड़ता है। उन्होंने वैज्ञानिक मानकों पर ग्रीन पटाखों को मंज़ूरी देने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
सरकार ने कोर्ट में क्या-क्या जानकारियां दीं?
केंद्र, दिल्ली सरकार और CAQM की तरफ से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि इस बार प्रदूषण से निपटने की तैयारियाँ पहले से ज़्यादा पुख्ता हैं। सरकार ने कोर्ट को बताया:
- 1 नवंबर से दिल्ली में BS-VI मानक से नीचे की गाड़ियों की एंट्री बंद की जा रही है।
- सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटाने के लिए सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया गया है।
- निर्माण स्थलों पर और शहर भर में 608 एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई हैं।
- वायु रक्षक पहल और कंट्रोल सेंटर के ज़रिए लगातार निगरानी की जा रही है।
- कोर्ट ने बेरियम की मात्रा और दूसरे तकनीकी मुद्दों पर अगली सुनवाई दिवाली के बाद तय की है।


Click it and Unblock the Notifications
