गोपाल राय बोले- दिल्ली में 70 फीसदी प्रदूषण पड़ोसी राज्यों की वजह से, केंद्र से की अहम मांग
नई दिल्ली, 11 जून: दिल्ली पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि राजधानी में प्रदूषण की बड़ी वजह पड़ोसी राज्य हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जितना प्रदूषण है, उसका केवल 30 फीसदी ही दिल्ली में होता है। दिल्ली में प्रदूषण का 70 फीसदी हिस्सा पड़ोसी राज्यों से है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर काबू पाने के लिए संयुक्त कार्य योजना समय की जरूरत है। राय ने केंद्र सरकार से संयुक्त कार्य योजना के लिए हस्तक्षेप करने मांग की है।

गोपाल राय ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की बहुत बड़ी वजह वाहन हैं। इसको ध्यान में रखते हुए हम सीएनजी वाहन लेकर आए थे। अब इस दिशा आगे बढ़ते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को पेश किया जा रहा है। हम दिल्ली के अंदर के वायु प्रदूषण को खत्म करने के लिए चौतरफा प्रयास कर रहे हैं।
राय ने आगे कहा कि हम मेगा-ट्री प्लांटेशन ड्राइव पर काम कर रहे हैं। अब हम 23 फीसदी वृक्षारोपण कर रहे हैं, जिसका प्रभाव भी दिखाई दे रहा है। हमने सभी प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को भी सीएनजी बेस्ड कर दिया है। हम राजधानी में ग्रीन कवर बढ़ा रहे हैं और पर्यावरण को लेकर लोगों को जागरुक भी कर रहे हैं। एक एक्शन प्लान ये भी बनाया गया है कि कैसे लॉन्ग टर्म पॉलिसी से दिल्ली के प्रदूषण को कम करने के सभी उपाय किए जाएं।
दिल्ली में प्रदूषण बड़ी समस्या
बता दें कि दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में गिना जाता है। वायु प्रदूषण यहां की बहुत बड़ी समस्या है। दिल्ली में प्रदूषण को कंट्रोल करने को लेकर लगातार कई तरह के दावे दिल्ली और केंद्र की सरकार की ओर से होते रहे हैं। हालांकि अभी तक जमीन पर इसका बहुत असर नहीं दिखा है। दिल्ली की हवा को लेकर की गई अलग-अलग स्टडी में लगातार ये बात कही गई है कि यहां ज्यादातर इलाके की हवा सांस लेने के लायक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications