'दिल्ली की महिलाओं के खाते में हर महीने आएंगे 2100 रुपये', चुनाव से पहले केजरीवाल का बड़ा ऐलान
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार 12 दिसंबर को बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल ने महिलाओं के लिए एक नई योजना 'महिला सम्मान योजना' की घोषणा की है। अब दिल्ली की महिलाओं के खाते में हर महीने 2100 रुपये आएंगे। हालांकि कैबिनेट में प्रस्ताव अभी एक हजार प्रति माह के लिए ही पास हुआ है।
केजरीवाल ने कहा, हर महीने महिलाओं के खाते में 1,000 रुपये डाले जाएंगे। अगर हमारी आम आदमी पार्टी दिल्ली में फिर से चुनाव जीतती है तो इसे दोगुना करके 2100 रुपये कर दिया जाएगा। हालांकि महिलाओं को ये भुगतान चुनाव के बाद ही किया जा सकता है। सीएम केजरीवाल ने कहा, "चुनाव की तारीखों की घोषणा 10-15 दिनों में की जाएगी, इसलिए अभी पैसे ट्रांसफर करना संभव नहीं है।'' केजरीवाल ने कहा, "यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है।"

आप प्रमुख केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आतिशी के साथ विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर भी निशाना साधा और उन पर योजना के क्रियान्वयन में देरी करने का आरोप लगाया है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि "साजिश रचकर मुझे (कथित शराब नीति मामले में) जेल भेज दिया और दिल्ली की महिलाओं को मिलने वाले मानदेय से वंचित कर दिया।''
केजरीवाल ने कहा, '"मैं दिल्ली के लोगों के लिए दो बड़ी घोषणाएं करने आया हूं... दोनों ही महिलाओं के लिए हैं। मैंने पहले हर महिला को ₹1,000 देने का वादा किया था। आज सुबह आतिशी जी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। अब यह योजना दिल्ली में लागू हो गई है."
केजरीवाल ने आगे कहा, "(लेकिन) 10-15 दिनों में चुनाव घोषित हो जाएंगे, इसलिए अभी आपके खातों में पैसे ट्रांसफर करना संभव नहीं है। साथ ही, कुछ महिलाओं ने कहा है कि महंगाई और मूल्य वृद्धि के कारण 1,000 रुपये पर्याप्त नहीं होंगे। इसलिए, कल से 2100 रुपये प्रति माह के लिए पंजीकरण शुरू हो जाएगा।"
मनीष सिसोदिया ने 'महिला सम्मान योजना' पर क्या कहा?
दिल्ली सरकार की 'महिला सम्मान योजना' पर आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "कांग्रेस और भाजपा इन चीजों के बारे में नहीं सोच सकी और जब जनता इन चीजों के लिए कहती है तो वे केवल बहाने बनाते हैं। केजरीवाल ने आज इस योजना की घोषणा की और चुनाव के बाद महिलाओं को 2100 रुपये दिए जाएंगे।"
रेवड़ी वाले भाजपा के आरोप पर केजरीवाल क्या बोले?
चुनाव से संबंधित मुफ्त उपहार या रेवड़ी वाले भाजपा के आरोप केजरीवाल ने कहा, "भाजपा जिसे रेवड़ी कहती है, मैं उसे हमारे समाज को मजबूत करने के कदम के रूप में देखता हूं। भाजपा यह भी पूछती है कि 'पैसा कहां से आएगा?'... लेकिन मैंने कहा था कि हम मुफ्त बिजली देंगे और हमने ऐसा किया।'' केजरीवाल ने कहा, "मैं भाजपा को बताना चाहता हूं... मैं जादूगर हूं। मैं खातों का जादूगर हूं।''












Click it and Unblock the Notifications