Delhi Tunnel: दिल्ली में बनेगी 8KM की अंडरग्राउंड टनल! द्वारका से वसंत कुंज तक पूरा रूट, लागत ₹7000 करोड़
Delhi Tunnel Project: दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने और शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच सफर को तेज बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने करीब 6,969.67 करोड़ रुपये की लागत वाली 8.1 किलोमीटर लंबी छह लेन रोड टनल परियोजना को मंजूरी दे दी है।
यह टनल द्वारका एक्सप्रेसवे (एनएच-248 बीबी) को नेल्सन मंडेला मार्ग, वसंत कुंज से सीधे जोड़ेगी। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी को इस सौगात के लिए धन्यवाद कहा है।

किन इलाकों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा?
नई टनल बनने के बाद पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवाजाही पहले से कहीं आसान होगी। इसका फायदा द्वारका, गुरुग्राम, आईजीआई एयरपोर्ट, पश्चिमी दिल्ली और वसंत कुंज आने-जाने वाले लाखों लोगों को मिलेगा। यही नहीं, इस कॉरिडोर को आगे बारापुला एलिवेटेड रोड से जोड़ने की भी तैयारी है। इससे पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद तक पहुंचने में भी समय की बचत होगी।
दिल्ली रिज को बिना नुकसान पहुंचाए बनेगी टनल
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि करीब 3.14 किलोमीटर लंबी ट्विन-ट्यूब टनल दिल्ली रिज के नीचे से गुजरेगी। इसके निर्माण में टनल बोरिंग मशीन (TBM) तकनीक का इस्तेमाल होगा, ताकि सतह पर मौजूद हरियाली और दक्षिणी रिज के पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे। करीब 1.98 किलोमीटर हिस्सा रिज के नीचे रहेगा, लेकिन ऊपर की प्राकृतिक संरचना सुरक्षित रखी जाएगी।

पूरा प्रोजेक्ट कैसा होगा? (Dwarka-Vasant Kunj Tunnel Details)
- यह कॉरिडोर शिवमूर्ति इंटरचेंज से शुरू होकर नेल्सन मंडेला मार्ग और महिपालपुर-छतरपुर रोड के जंक्शन से पहले खत्म होगा।
- पूरे प्रोजेक्ट में 6.3 किलोमीटर मुख्य सड़क के अलावा 3.14 किलोमीटर टनल, 0.98 किलोमीटर टनल अप्रोच, 2.556 किलोमीटर एलिवेटेड रोड और 0.87 किलोमीटर ग्राउंड लेवल सड़क शामिल है।
- ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए नेल्सन मंडेला मार्ग पर 1.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर, महिपालपुर की तरफ नया फ्लाईओवर और छतरपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एलिवेटेड यू-टर्न भी बनाया जाएगा।
- सरकार का अनुमान है कि इस हाईवे परियोजना के निर्माण से करीब 7.54 लाख व्यक्ति-दिवस प्रत्यक्ष और 9.80 लाख व्यक्ति-दिवस अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे।
- इसके साथ ही आसपास के इलाकों में व्यापार, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और दूसरे आर्थिक कामकाज को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
CM रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से लंबित परियोजना थी, जो दिल्ली की कनेक्टिविटी को नई पहचान देगी।
उनके मुताबिक शिवमूर्ति से वसंत कुंज, नेल्सन मंडेला मार्ग और आगे बारापुला कॉरिडोर से डीएनडी तक लोगों को बिना रुकावट बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि टनल दिल्ली रिज के नीचे बनेगी, लेकिन शहर के "ग्रीन लंग्स" यानी हरित क्षेत्र की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।














Click it and Unblock the Notifications