दिल्ली में हर रोज हो रहे 400 तक RTPCR टेस्ट, 24 घंटे में कोरोना के 2 नए मरीज आए सामने: मंत्री सौरभ भारद्वाज
दिल्ली में कोरोना के मामलों और उससे नियंत्रण के उपायों को लेकर केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में कोविड जांच सुविधाओं को एक्टिव करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया की राज्य में प्रतिदिन 400 तक आरटीपीसीआर टेस्ट किए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय राजधानी में 2 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। फिलहाल कोरोना के नए मामलों में अब तक किसी की मौत नहीं हुई। मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में संदिग्ध मरीजों के लिए जांच सुविधा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एएनआई को बताया कि कोरोना का नया वैरिएंट सामने आया है, जिसे माइल्ड बताया जा रहा है। ऐसे में इससे बहुत ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन सावधानी रखना जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, " नए कोरोनावायरस के वैरिएंट से ज्यादा पैनिक होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली में आरटीपीसीआर टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। लगभग 250- 400 आरटीपीसीआर टेस्ट प्रतिदिन किए जा रहे हैं। कल की रिपोर्ट जो आई है, उसमें ये बताया गया को चार- पांच मरीज एडमिट हैं।"
हालांकि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नए वेरिएंट का पता लगाने के लिए जिनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है। मरीजों के सैंपल लैब भेजे गए हैं। डॉक्टरों ने गंभीर बीमारियों का सामना कर रहे लोगों और 60 से ज्यादा की उम्र वालों को भीड़ वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर गाइडलाइन जारी करने के मुद्दे पर सौरभ भारद्वाज ने कहा, "ऐसी गाइडलाइन जारी करना व्यर्थ होगा जो इंप्लीमेंट ना हो सके। एनफोर्समेंट के नाम पर पब्लिक की हरासमेंट होने लगती है।'
इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से चार दिन पहले जो चर्चा हुई, उसके मुताबिक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक में नए वेरिएंट जेएन.1 के मामले सामने आए हैं, जो ओमीक्रॉन का ही एक सब-वेरिएंट है। इसका संक्रमण बहुत ज्यादा सीरियस बीमारी का रूप नहीं ले रहा है।












Click it and Unblock the Notifications