दिल्ली में अब राशन कार्ड से आयुष्मान कार्ड तक का काम घर के पास, CM रेखा गुप्ता ने शुरू किए 42 जन कल्याण शिविर
Delhi Rekha Gupta News: दिल्ली में सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक तेजी से पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में 42 जन कल्याण शिविर शुरू किए गए हैं, जहां लोगों को कई जरूरी सरकारी सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का दावा है कि इन शिविरों का मकसद उन लोगों तक योजनाओं का फायदा पहुंचाना है जो किसी कारणवश अब तक इससे वंचित रहे हैं।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के संदेश विहार स्थित एमसीडी कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन शिविरों की शुरुआत की और लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं।

42 Jan Kalyan Camps: आखिर क्या है सरकार का प्लान?
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और बेहतर प्रशासन के जरिए सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इन जन कल्याण शिविरों का आयोजन केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है। दिल्ली भर में 20 जून तक कुल 42 शिविर लगाए जाएंगे।
One Stop Service Center: एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
इन शिविरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लोगों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इन शिविरों में कई सेवाओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
यहां मिलने वाली प्रमुख सुविधाएं:
- राशन कार्ड से जुड़ी सेवाएं
- आयुष्मान कार्ड पंजीकरण
- पेंशन योजनाओं की जानकारी
- जल कनेक्शन संबंधी सहायता
- ई-श्रम कार्ड
- जनधन खाता खुलवाने की सुविधा
- आधार पंजीकरण सेवाएं
- पीएम स्वनिधि योजना
- पीएम उदय योजना
- लाखपति बिटिया योजना
- राष्ट्रीय वयोश्री योजना
- हाउस टैक्स से जुड़ी सेवाएं
केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाएं एक मंच पर
सीएम रेखा गुप्ता कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इन शिविरों में लोगों को केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही पात्र लोगों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण भी किया जाएगा। लोगों को पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पावर से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा एमएसएमई और उद्योग क्षेत्र के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में भी मार्गदर्शन मिलेगा।
इन शिविरों के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा के कई लोकसभा और राज्यसभा सांसद, विधायक, दिल्ली सरकार के मंत्री और मेयर प्रवेश वाही भी शामिल हुए। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि इन शिविरों के जरिए सरकार की योजनाएं सीधे लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही हैं और इससे आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
क्यों अहम हैं ये जन कल्याण शिविर?
दिल्ली जैसे बड़े शहर में अक्सर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी या पंजीकरण प्रक्रिया की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जन कल्याण शिविर प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रयास माने जा रहे हैं। यदि ये मॉडल सफल होता है तो हजारों लोगों को बिना लंबी प्रक्रिया के सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकता है।














Click it and Unblock the Notifications