Delhi Chhath Puja: छठ से पहले दिल्ली में CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन! घाटों पर क्या-क्या बदलेगा?
दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सिंगलपुर में प्रेम बाड़ी ब्रिज के पास मुनक नहर किनारे बन रहे छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि त्योहार से पहले सभी निर्माण और सौंदर्यीकरण के काम पूरे होने चाहिए। घाटों पर सफाई से लेकर रोशनी और आने-जाने की सुविधा तक, हर इंतजाम दुरुस्त होना चाहिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि छठ घाट केवल बनाए ही न जाएं, बल्कि वहां श्रद्धालुओं को पूजा के लिए साफ-सुथरी और व्यवस्थित जगह भी मिलनी चाहिए। काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छठ घाटों पर कैसी होंगी सुविधाएं?
निरीक्षण के दौरान रेखा गुप्ता ने घाटों के निर्माण, सड़क, फुटपाथ, लैंडस्केपिंग, लाइटिंग और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण की क्वालिटी से समझौता न हो। विकास के काम सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं होने चाहिए, बल्कि उनका फायदा स्थानीय लोगों को भी मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं। इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पूजा स्थल साफ-सुथरे बने रहें।
कूड़े और बदबू पर सख्ती, सफाई के लिए बनेगा सिस्टम
रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के आसपास कूड़ा जमा होने और गंदगी फैलने से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरे के ढेर, बदबू या अव्यवस्थित तरीके से कूड़ा उठाने जैसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कचरा जमा करने और उसे हटाने की बेहतर व्यवस्था बनाई जाए।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का यह इलाका पहले गंदगी और अव्यवस्था से जूझ रहा था। अब इसे साफ और व्यवस्थित जगह के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और कमियां दिखने पर तुरंत सुधार करने को कहा।
घाटों पर सजावट से लेकर रास्तों तक, हर काम पर नजर
सीएम रेखा गुप्ता ने घाटों की दीवारों, रास्तों और आसपास के हिस्सों में फिनिशिंग का काम समय पर पूरा करने को कहा। इसमें पेंटिंग, लाइटें लगाने और निर्माण के बाद बचा मलबा हटाने जैसे काम शामिल हैं। त्योहार का माहौल बेहतर बनाने के लिए घाटों के आसपास सजावटी लाइटें और झालरें भी लगाई जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को सीढ़ियों, आने-जाने के रास्तों और ड्रेनेज सिस्टम की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। ब्रिज के आसपास सड़क निर्माण और ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पैदल चलने वालों की सुविधा और वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने पर जोर दिया।
हरियाली और ट्रैफिक प्लान भी होगा बेहतर
रेखा गुप्ता ने पौधारोपण और लैंडस्केपिंग की योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जगह को ध्यान में रखते हुए हरियाली विकसित की जाए। पौधे सही जगह लगाए जाएं और ग्रीन बेल्ट के साथ पूरे इलाके का लुक बेहतर बनाया जाए। इसके लिए बेहतर डिजाइन तैयार करने को भी कहा गया।
सीएम रेखा गुप्ता ने सभी विभागों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना जरूरत निर्माण न किया जाए और सड़क, फुटपाथ, हरियाली व छठ घाटों को एक साथ जोड़कर विकसित किया जाए।
दिल्ली में छठ पूजा मनाने वाले पूर्वांचली समुदाय के लोगों के लिए ये तैयारियां खास मायने रखती हैं। इनमें बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के कई इलाकों से आकर राजधानी में बसे लोग शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य है कि त्योहार से पहले घाट तैयार हों और श्रद्धालु साफ-सुथरे माहौल में बिना परेशानी पूजा कर सकें।


Click it and Unblock the Notifications
