दिल्ली की झुग्गियों की बदलेगी तस्वीर! रेखा गुप्ता ने ₹441 करोड़ का खोला खजाना, 1,510 विकास कार्यों को झंडी
Delhi JJ Cluster Development: दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी (JJ) बस्तियों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार ने राजधानी की JJ क्लस्टर्स में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 441.1 करोड़ रुपये की विकास योजना को मंजूरी दी है।
इस अभियान के तहत दो वित्तीय वर्षों में कुल 1,510 विकास कार्य किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि मकसद सिर्फ निर्माण कराना नहीं, बल्कि इन बस्तियों में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को ज्यादा सुरक्षित, साफ और सुविधाजनक बनाना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) के जरिए वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए कुल 1,510 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें वर्ष 2025-26 में 379.8 करोड़ रुपये की लागत से 1,253 परियोजनाएं स्वीकृत हुईं, जबकि मौजूदा वित्तीय वर्ष में 61.3 करोड़ रुपये की लागत वाली 257 नई परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। दोनों वर्षों को मिलाकर कुल निवेश 441.1 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
किन सुविधाओं पर होगा सबसे ज्यादा फोकस?
सरकार के इस पैकेज में झुग्गी बस्तियों की सबसे बड़ी जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। योजना के तहत सामुदायिक शौचालयों और पब्लिक यूटिलिटी कॉम्प्लेक्स का निर्माण और मरम्मत होगी। इसके साथ ही सामुदायिक भवनों का आधुनिकीकरण, पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था, सीवर लाइन में सुधार, गलियों और आंतरिक सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा।
इसके अलावा नालों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था को मजबूत करना, वर्षा जल निकासी प्रणाली, बाउंड्री वॉल, प्रवेश द्वार और सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण जैसे काम भी इस अभियान का हिस्सा होंगे।
दिल्ली के किन इलाकों को मिलेगी प्राथमिकता?
सरकार ने साफ किया है कि जिन इलाकों में सबसे ज्यादा जरूरत है, वहां पहले काम शुरू होगा। इसमें नरेला, तिमारपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, आजादपुर, बवाना, रोहिणी, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी, शाहदरा, करावल नगर, संगम विहार, द्वारका और नजफगढ़ समेत राजधानी के कई JJ क्लस्टर्स शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन इलाकों में रहने वाले लोगों को भी वही बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जो शहर के दूसरे हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को उपलब्ध हैं।
अटल कैंटीन भी बनेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ कई विधानसभा क्षेत्रों में अटल कैंटीन भी बनाई जा रही हैं। इन कैंटीनों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को कम कीमत पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि रोजमर्रा की जिंदगी का खर्च कुछ कम हो सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना केवल ईंट-पत्थर का निर्माण नहीं है। सरकार चाहती है कि JJ क्लस्टर्स में रहने वाले परिवारों को साफ-सफाई, सुरक्षित माहौल, बेहतर सड़कें, पर्याप्त रोशनी और जरूरी नागरिक सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि DUSIB आने वाले समय में भी राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे विकास कार्यों की रफ्तार तेज रखेगा, ताकि शहरी विकास का फायदा हर वर्ग तक पहुंचे।














Click it and Unblock the Notifications