जेल से रिहाई के बाद बजरंग बली के दर पर पहुंचे Arvind Kejriwal, हनुमान मंदिर में की पूजा
Arvind Kejriwal News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) शुक्रवार 13 सितंबर को तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। तिहाड़ से बाहर आने के बाद शनिवार को अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित बजरंग बली के दर पर पहुंचे।
यहां केजरीवाल ने पत्नी सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह और दिल्ली के कई मंत्री के साथ हनुमान मंदिर में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल सबसे पहले हनुमान मंदिर पहुंचे और भगवान का आभार व्यक्ति किया।

अपनी रिहाई के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा था कि 'आज दोपहर 12 बजे मैं भगवान का शुक्रिया अदा करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए कॉनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाऊंगा।' आपको बता दें कि अदालत ने केजरीवाल की जमानत के लिए कुछ खास शर्तें रखी हैं।
मुख्यमंत्री होने के बावजूद, उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय जाने, किसी भी फाइल पर हस्ताक्षर करने, जांच के बारे में बयान देने या जांच में बाधा डालने और गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश करने से प्रतिबंधित किया गया है। ये शर्तें इस मामले में उनकी नियमित जमानत के लिए महत्वपूर्ण हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल के मंदिर जाने पर कहा कि उन्हें जीवन में जब भी कोई महत्वपूर्ण घटना होती है या चुनाव के समय में वे हनुमान जी का आशीर्वाद लेते हैं। इस दौरान भारद्वाज ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार चाहे कितनी भी तानाशाह हो जाए, देश का संविधान मजबूत रहता है और यह सुनिश्चित करता है कि सरकारें आती-जाती रहें।
केजरीवाल का दृढ़ संकल्प
शुक्रवार को रिहा होने के बाद केजरीवाल ने बीजेपी की आलोचना की और अपनी लड़ाई जारी रखने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि वह सच्चे और सही थे, इसलिए भगवान ने उनका साथ दिया। उन्होंने दावा किया कि 177 दिन जेल में बिताने के बाद उनकी ताकत 100 गुना बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications