Priyanka Gandhi को मेल पुलिसकर्मियों ने जबरन उठाया-बस में ठूंसा, कांग्रेस बोली- मर्यादाएं लांघी,शर्म आनी चाहिए
Delhi CJP Protest Priyanka Gandhi Detained: दिल्ली में 21 जुलाई, मंगलवार को विपक्षी दलों ने जमकर हल्ला-बोल। दूसरे दिन के मानसून सत्र स्थगित होने के बाद, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, वायनाड सांसद प्रियंका गांधी और यूपी के पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तुरंत प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर पहुंचे। बीच सड़क पर बैठकर, NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का मुद्दा उठाया।
कुछ घंटों बाद, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया और छत्रसाल स्टेडियम पुलिस वैन में ठूंसकर ले गए। इस दौरान, प्रियंका को पुरुष पुलिसकर्मियों ने जबरन वैन में ठूंसा। कांग्रेस ने इस पर तंज कसा कि शायद दिल्ली के पास महिला पुलिसकर्मी नहीं हैं। आपको बता दें कि, विपक्ष का यह प्रदर्शन 47 दिनों से जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का हिस्सा है।

कांग्रेस बोली- महिला सम्मान की सारी मर्यादाएं लांघ दीं
कांग्रेस पार्टी ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए सवाल उठाए कि क्या दिल्ली पुलिस के पास महिला पुलिसकर्मी नहीं हैं? क्या महिला सांसद को पुरुष पुलिसकर्मी द्वारा जबरन बस में ठूंसा जाना ठीक है? इतना ही नहीं, कांग्रेस ने अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अमित शाह की पुलिस ने आज न सिर्फ लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि महिला सम्मान की सारी मर्यादाएं लांघ दीं। देश की महिला सांसद के साथ ऐसा दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शर्म आनी चाहिए!!
राहुल गांधी को टांग कर ले गई, अखिलेश भी हिरासत में
वहीं, प्रियंका के साथ राहुल गांधी और अखिलेश को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। फर्क बस इतना था कि प्रियंका गांधी और अखिलेश को जबरन वैन में ठूंसा गया। दूसरी तरफ, राहुल गांधी को पुलिस टांग कर ले गई। कांग्रेस ने वीडियो जारी करके कहा कि गिरफ्तार करो, जेल में डालो, फर्क नहीं पड़ता। मोदी सरकार की सत्ता की ताकत से ज्यादा बड़ी हमारे सत्याग्रह की शक्ति है। हमारे बच्चों के साथ हुए अत्याचार का हिसाब तो देना ही होगा।
6 जून से 21 जुलाई, CJP ने कैसे सरकार के घेराबंदी की
आपको बता दें कि, NEET पेपर लीक, नीट छात्रों की मौत पर परिजनों को 1 करोड का मुआवजा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का मुद्दा लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) लगातार धरना प्रदर्शन कर रही है। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में सबसे पहले 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ। उसके बाद, लखनऊ से पुणे तक सीजेपी ने राज्यवार जाकर समर्थन बटोरा और प्रदर्शन किया।
20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर डेरा डालकर बैठ गए। 28 जून को सोनम वांगचुक इस प्रोटेस्ट में शामिल हुए और करीब 20 दिनों तक भूख हड़ताल की। 20 जुलाई को 'संसद कूच' मार्च ने सबकुछ बदल दिया। सीजेपी के इस आंदोलन में पुलिस की लाठियां भांजी गईं। आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें कई छात्र व प्रदर्शनकारी घायल हुए।


Click it and Unblock the Notifications
