Ground Report: कॉकरोच के लिए दिल्ली में 'किलेबंदी HIT'! सजा भुगत रहे कारोबारी बोले- नवरात्रि से पहले धंधा चौपट
Delhi CJP Protest Ground Report: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और कई इलाकों में आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को बंद कर दिया गया। इसका असर अब कारोबार पर भी दिखने लगा है।
Oneindia की ग्राउंड रिपोर्ट में पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके में दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रदर्शन के समर्थन में नहीं, बल्कि प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों और सुरक्षा व्यवस्था के कारण दुकानें बंद की गईं। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्रि से ठीक पहले कारोबार प्रभावित होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।

'CJP के समर्थन में नहीं, प्रशासन के निर्देश पर बंद हैं दुकानें'
जनपथ और कर्तव्य पथ के आसपास के इलाकों से करीब 4 किलोमीटर के दायरे से बाहर जामा मस्जिद क्षेत्र में भी बंदी का असर दिखाई दिया। Oneindia से बातचीत में एक स्थानीय युवक ने कहा कि दुकानें CJP के समर्थन में बंद नहीं हैं, बल्कि प्रशासन के निर्देशों के कारण उन्हें बंद रखना पड़ रहा है। युवक ने कहा कि दुकानदार दुकानें खोलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात में वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। उसके मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कारोबार प्रभावित नहीं होना चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन में कितने लोग शामिल होंगे, यह अलग सवाल है, लेकिन उसके लिए की गई व्यापक तैयारियों का असर उन लोगों पर भी पड़ रहा है, जिनका प्रदर्शन से कोई सीधा संबंध नहीं है।
'नवरात्रि से पहले धंधे को भारी नुकसान'

व्यापारियों के लिए यह समय खास तौर पर महत्वपूर्ण है। 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू होने वाले हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण दुकानें बंद रहने से कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय युवक ने कहा कि दिल्ली में बड़ी आबादी रहती है और सभी लोगों का किसी राजनीतिक संगठन या प्रदर्शन से जुड़ा होना जरूरी नहीं है। इसके बावजूद आम लोगों को भी पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों की चिंता यह है कि अगर, दुकानें बंद रहती हैं और ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पाते, तो त्योहार से पहले होने वाली बिक्री प्रभावित होगी। छोटे दुकानदारों के लिए कारोबार के कुछ दिन भी खराब होना आर्थिक नुकसान की वजह बन सकता है।
'दिल्ली का दिल है जामा मस्जिद, माहौल नहीं बिगड़ना चाहिए'

जामा मस्जिद इलाके के एक अन्य स्थानीय युवक ने कहा कि दिल्ली में शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उसके मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है और किसी भी इलाके का माहौल खराब नहीं होना चाहिए। स्थानीय लोगों की राय में सुरक्षा और आम जनजीवन के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। वे चाहते हैं कि कानून-व्यवस्था बनी रहे, लेकिन दुकानें, बाजार और आम लोगों की आवाजाही भी जल्द सामान्य हो।
दिल्ली में क्यों की गई इतनी बड़ी तैयारी?
CJP ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। इसके बाद राजधानी के कई हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने के बाद हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश कर रहे कई अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
38 हजार जवानों की तैनाती, सीमाओं पर भी निगरानी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियां, यानी करीब 23 हजार जवान, 8 से 12 अक्टूबर तक तैनाती के लिए बुलाए गए थे। इनके अलावा दिल्ली पुलिस के हजारों कर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया।
प्रमुख रास्तों और प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई। कुछ स्थानों पर आंसू गैस छोड़ने वाले वाहन भी तैनात किए गए। दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई। उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर से आने वाले मार्गों पर भी जांच के इंतजाम किए गए।
मेट्रो, ट्रेन और बस सेवाओं पर तगड़ा असर
प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को लेकर भी कई प्रतिबंधों और जांच संबंधी व्यवस्थाओं की खबरें सामने आईं।
- मेट्रो स्टेशन: 10 अक्टूबर को 57 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखने की व्यवस्था की गई।
- ट्रेनें: दिल्ली आने वाली कुछ ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी दी गई। 250 ट्रेनों के रद्द हुईं।
- बसों की जांच: दिल्ली आने वाले समूहों और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए जांच बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई।
सुरक्षा बनाम रोजी-रोटी: स्थानीय लोगों की चिंता
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और आम जनजीवन के बीच संतुलन का सवाल उठ रहा है। एक तरफ पुलिस किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरत रही है, तो दूसरी तरफ बाजारों में दुकानें बंद रहने और आवाजाही प्रभावित होने से व्यापारियों को नुकसान की चिंता है।
जामा मस्जिद के स्थानीय लोगों की बातों से साफ है कि उनका मुख्य सवाल प्रदर्शन के समर्थन या विरोध का नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहे असर का है। नवरात्रि से ठीक पहले कारोबार प्रभावित होने से उनकी चिंता और बढ़ गई है। अब व्यापारियों की निगाह इस बात पर है कि सुरक्षा प्रतिबंध कब तक लागू रहते हैं और बाजारों में सामान्य गतिविधियां कब बहाल होती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
