Delhi Chunav 2025: AAP के चुनावी वादों को किन 5 गारंटियों से चुनौती देगी कांग्रेस? पढ़िए
Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस इस बार सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) को टक्कर देने में बीजेपी से जरा भी पीछे नहीं है। कुछ मामलों में तो वह मुख्य विपक्षी पार्टी से भी ज्यादा सक्रिय दिखाई पड़ रही है। उदाहरण के तौर पर उम्मीदवारों की लिस्ट, जिसमें कांग्रेस दो-तिहाई सीटों पर प्रत्याशियों को उतार भी चुकी है। बीजेपी की एक भी लिस्ट अभी तक सामने नहीं आई है।
इस चुनावी रेस में फिलहाल स्वाभाविक रूप से 'आप' सबसे आगे है। चुनाव तारीखों के एलान से काफी पहले वह दिल्ली की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इसके साथ ही पार्टी ने नए-नए वादों का पिटारा भी खोल दिया है और अब कांग्रेस भी आप के उन वादों को अपनी गारंटियों से टक्कर देने की तैयारी में है।

Delhi Chunav 2025: आम आदमी पार्टी के इस बार के बड़े वादे
केजरीवाल ने दिल्ली के ऑटो वालों को 10 लाख रुपए का इंश्योरेंस और उनकी बेटियों की शादी में एक लाख रुपए की सहायता देने का भी वादा किया है। यही नहीं, उन्होंने दिल्ली में मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों को मस्जिदों के इमामों की तरह ही हर महीने 18,000 रुपए मानदेय देने का भी वादा किया है।
Delhi Chunav 2025: महिलाओं के लिए कांग्रेस भी कर रही है गारंटी वाली स्कीम की तैयारी
पिछले कुछ वर्षों में कांग्रेस की जिन-जिन राज्यों में सरकारें बनी हैं, वहां पार्टी 'महालक्ष्मी', 'गृहलक्ष्मी' जैसी योजनाओं की गारंटी देकर सत्ता में आई है। कर्नाटक, तेलंगाना से लेकर हिमाचल प्रदेश तक में इन योजनाओं का वादा करने की वजह से कांग्रेस को चुनावी फायदा मिल चुका है।
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं के लिए गारंटी का वादा कर सकती है। हालांकि, इसकी रकम का खुलासा तो नहीं किया जा रहा है, लेकिन हो सकता है कि यह आप के वादे की काट के तौर पर हो। जाकारी यह भी है कि इसके लिए पार्टी अर्थशास्त्रियों से भी राय ले रही है। शायद कांग्रेस शासित राज्यों में इन योजनाओं से संबंधित बजट को लेकर जो असमंजस की स्थिति दिखाई पड़ी है, वह दिल्ली में वैसी स्थिति नहीं होने देना चाहती।
Delhi Chunav 2025: सबको स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी
कांग्रेस में जिस दूसरी चुनावी गारंटी को लेकर चर्चा चलने की जानकारी है, उसमें हर व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी शामिल है। राजस्थान में कांग्रेस 25 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य बीमा देने की बात कर चुकी है।
जिस तरह से आप ने संजीवनी योजना का वादा किया है,उस हिसाब से पार्टी सबके लिए स्वास्थ्य बीमा का वादा कर सकती है। केंद्र सरकार पहले से ही 'आयुष्मान भारत योजना' की व्यवस्था कर चुकी है, जिसे लागू करने में गैर-बीजेपी राज्य सरकारें हिचकिचाती रही हैं।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली के स्टूडेंट्स के लिए स्कॉलरशिप की गारंटी
कांग्रेस दिल्ली के स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप की गारंटी देने का भी वादा करने पर विचार कर रही है। जानकारी के मुताबिक इसके तहत हर स्टूडेंट को देश-विदेश के बड़े शिक्षण संस्थानों में दाखिले और पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप के तौर पर 15 से 20 लाख रुपए की योजना शुरू करने का वादा किया जा सकता है।
Delhi Chunav 2025: ऑटो रिक्शा और रेहड़ी पटरी वालों के लिए चुनावी रेवड़ी की तैयारी!
दिल्ली में ऑटो रिक्शा चलाने वाले और रेहड़ी पटरी लगाने वाले लोग बहुत बड़े वोट बैंक हैं। केजरीवाल ने दिल्ली की राजनीति की शुरुआत से ही ऑटो वालों पर फोकस किया है और उन्हें इसका जबरदस्त चुनावी फायदा भी मिलता रहा है।
ये पार्टी के लिए प्रचार का बहुत बड़ा माध्यम भी बन जाते हैं। यही वजह है कि कांग्रेस में भी ऑटो रिक्शा वालों और रेहड़ी पटरी वालों के लिए चुनावी गारंटी के सिलसिले में मंथन की जानकारी सामने आ रही है।
Delhi Chunav 2025: फ्री बिजली की गारंटी
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की फ्री बिजली-पानी वाली स्कीम बहुत ही सफल रही है। कांग्रेस को भी इसमें चुनावी जीत का हथियार नजर आ रहा है। यही वजह कि दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव दिल्ली वालों से पार्टी की सरकार बनने पर 400 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि यह कांग्रेस की पांचवीं चुनावी गारंटी होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications