Delhi Bomb Threat: दिल्ली के प्रतिष्ठित स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, 24 घंटे में दूसरी बार फैली दहशत
Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के चाणक्यापुरी इलाके में गुरुवार, 20 नवंबर की सुबह एक बड़े निजी स्कूल को बम धमकी की ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया। पुलिस ने कहा है कि अब तक तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, लगभग 10:45 बजे स्कूल प्रशासन को एक अज्ञात ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि स्कूल परिसर के अंदर बम लगाया गया है। ईमेल देखते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर
पुलिस ने कॉल मिलने के बाद तुरंत बम डिटेक्शन टीम और बम डिस्पोज़ल स्क्वाड को स्कूल भेजा। पूरे परिसर की तलाशी अभी भी जारी है। स्कूल के आसपास का इलाका भी घेराबंदी कर दिया गया ताकि किसी भी तरह का जोखिम न रहे। पुलिस का कहना है कि वे हर संभावना की जांच कर रहे हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
एडिशनल डीसीपी (न्यू दिल्ली) हुक्मा राम साई ने बताया स्कूल अधिकारियों को सुबह मेल चेक करते समय यह धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही हमारी टीमें मौके पर पहुंचीं। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी तक तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
24 घंटे में लगातार दूसरी बार मिली धमकी
दिल्ली में बीते दो दिनों से लगातार बम की धमकियों की घटनाएँ सामने आ रही हैं। इससे पहले 19 नवंबर को राजधानी के चार बड़े कोर्ट-पटियाला हाउस, साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट और तिस हजारी कोर्ट-को बम धमकी मिली थी, जिसके बाद सभी कोर्ट परिसरों को खाली कराना पड़ा था और सुनवाई कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी।
इसी दिन दिल्ली के दो CRPF स्कूल-प्रशांत विहार और द्वारका-को भी धमकी मिली थी, जिसके बाद उन्हें भी बंद करना पड़ा। सभी स्थानों पर बाद में तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला।
साइबर सेल कर रही ईमेल की तकनीकी जांच
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहे हैं कि ईमेल किसी अज्ञात या संभवतः मास्क्ड IP से भेजा गया है। पुलिस इस तरह की धमकियों को फर्जी मानते हुए भी बेहद गंभीरता से जांच कर रही है, क्योंकि दिल्ली में हाल के समय में इस तरह के मामले लगातार बढ़े हैं। लगातार हो रही धमकियों के कारण अभिभावकों में भय का माहौल है। कई अभिभावक स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को लेकर घर लौट गए। पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना का ही पालन करें।












Click it and Unblock the Notifications