Delhi Blast Update: दिल्ली कार ब्लास्ट केस की जांच अब NIA को सौंपी गई, हर एंगल से होगी जांच
Delhi Blast Update: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण कार धमाके की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। इस धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गृह मंत्रालय ने इस मामले को "गंभीर आतंकी साजिश" के एंगल से देखते हुए NIA को जांच की पूरी जिम्मेदारी सौंप दी है।

गृह मंत्रालय ने सौंपी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार सुबह कर्तव्य पथ स्थित गृह मंत्रालय कार्यालय में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में शीर्ष खुफिया एजेंसियों, दिल्ली पुलिस, एनआईए और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में गृह मंत्री ने जांच की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि "इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति या संगठन को बख्शा नहीं जाएगा।"
अमित शाह ने निर्देश दिया है कि जांच एजेंसियां तेजी और समन्वय के साथ कार्रवाई करें, ताकि घटना के पीछे की साजिश का जल्द पर्दाफाश हो सके।
NIA ने संभाला मोर्चा
एनआईए की विशेष टीम मंगलवार, 11 नवंबर सुबह ही दिल्ली पहुंची और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर जांच शुरू की। टीम ने विस्फोट स्थल का निरीक्षण किया, वहां से कार के अवशेष, मलबे के नमूने, धातु के टुकड़े और CCTV फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने बताया कि विस्फोट का दबाव बहुत अधिक था, जिससे पास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और आसपास के इलाकों में मलबा बिखर गया। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार में कौन-सा विस्फोटक पदार्थ इस्तेमाल किया गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,प्रारंभिक जांच से यह एक उच्च तीव्रता वाला धमाका प्रतीत होता है। संभावना है कि इसमें रासायनिक या सैन्य-ग्रेड विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ हो। इसके लिए दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में भी छानबीन शुरू की गई है।
जांच एजेंसियों को अब इस धमाके में आतंकी साजिश के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कार को हाल ही में हरियाणा से खरीदा गया था और घटना से कुछ घंटे पहले इसे दरियागंज इलाके में देखा गया था। यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस घटना का संबंध गुजरात और जम्मू-कश्मीर में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल्स से तो नहीं है। दिल्ली पुलिस ने अब तक 100 से अधिक CCTV फुटेज जब्त कर उनकी गहन जांच शुरू की है।
दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमाके के बाद दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लाल किला और आसपास के इलाकों को फिलहाल सील कर दिया गया है, वहीं ASI ने तीन दिनों तक लाल किला बंद रखने का आदेश दिया है। दिल्ली पुलिस, NIA, IB और स्पेशल सेल की टीमें लगातार क्लू ट्रेसिंग और इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन में जुटी हुई हैं। राजधानी के प्रमुख इलाकों - कश्मीरी गेट, दरियागंज, जामा मस्जिद और इंडिया गेट के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications