दिल्ली: भ्रष्टाचार के आरोप में भाजपा ने अपने 4 पार्षदों को पार्टी से निकाला
नई दिल्ली। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी दिल्ली में अपने ही पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भाजपा के पार्षदों- अमरलता सांगवान (तिमारपुर वार्ड), सरोज सिंह (त्रिलोकपुरी), अतुल कुमार गुप्ता (कोंडली) और राधा देवी (मंगोलपुरी) को पार्टी से निष्कासित कर दिया। निष्कासित किए गए ये पार्षद वे हैं, जो एक समाचार चैनल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में भ्रष्टाचार के आरोपी बताए गए थे।

4 पार्षदों के निष्कासन पर दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि, सरोज सिंह के पति शेर सिंह और राधा देवी के पति राजू राणा को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है, क्योंकि वे स्टिंग ऑपरेशन में शामिल हुए थे। स्टिंग ऑपरेशन में नेताओं को अपने वार्डों में विभिन्न नगरपालिका कार्यों के लिए पैसे की मांग करते हुए दिखाया गया है।

भाजपा की आलाकमान ने यह माना है कि, उपरोक्त नेताओं को भ्रष्टाचार के "स्पष्ट" आरोपों का सामना करना पड़ा। लिहाजा, इन्हें पार्टी से निष्कासित किए जाने के आदेश दे दिए गए हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष की ओर से जारी निष्कासन आदेश में कहा गया है, 'बीजेपी के संविधान के तहत आपकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी जाती है और आपको पार्टी से बाहर किया जाता है।
आदेश में कहा गया है कि, भाजपा भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति रखती है। पिछले साल भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अपने तीन पार्षदों को निलंबित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications