Delhi: अभी भी धुंआ-धुंआ गाजीपुर कूड़े का पहाड़, वीरेंद्र सचदेवा बोले-सांस लेने में आ रही दिक्कत
Delhi Ghazipur Landfill Site Fire: दिल्ली के गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ में लगी रविवार शाम को आग की घटना के बाद अब सियासत भी तेज हो गई है। गाजीपुर लैंडफिल साइट पर लगी आग अब तक धधक रही है। जिसके चलते आसपास के इलाकों की हवा जहरीली हो रखी है।
अब इस मामले को भुनाते हुए दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी घटनास्थल पहुंचे हैं, जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वीरेंद्र सचदेवा आग की घटना को लेकर AAP पर हमला करने से नहीं चूके।

मीडिया से बात करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "यहां के आसपास के जितने लोग हैं उनका जीवन नर्क हो गया है। जब नगर निगम का चुनाव था. तब AAP ने घोषणा की थी कि वे दिसंबर 2023 तक इसे खत्म कर देंगे लेकिन अब यहां एक नया पहाड़ खड़ा हो गया है। यहां भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। यह आग लगती नहीं है, इसके पीछे के कारणों की जांच होनी चाहिए।"
मेयर शैली ओबेरॉय भी पहुंची गाजीपुर लैंडफिल साइट
वहीं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष के बाद गाजीपुर लैंडफिल साइट पर दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय भी मौके पर पहुंचा, जहां उन्होंने कहा, "कल (रविवार) मैं दिल्ली में नहीं थी, लेकिन मुझे जैसे ही आग का पता चला, मैंने तमाम अधिकारियों को स्थिति का जायजा लेने और आग पर काबू करने के निर्देश दिए। स्थिति अब पहले से काबू में है, 4-5 घंटों में स्थिति पूरी तरह काबू में आ जाएगी। आग पर काबू पाने के बाद हम इसकी जांच करेंगे। हम यह वक्त राजनीति करने का नहीं है, अगर भाजपा ऐसा कर रही है तो यह बहुत निंदनीय है।"
आपको बता दें कि रविवार शाम को गाजीपुर कूड़े के पहाड़ में आग लगने की घटना सामने आई, जहां भीषण आग देखने को मिली, जिसके बाद धुएं का गुबार आसमान छूने लगा, जिससे उठने वाले जहरीले धुएं से ना सिर्फ दिल्ली बल्कि उससे सटे नोएडा और गाजियाबाद वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications