दिल्ली में बारिश के पानी में डूबकर ऑटो ड्राइवर की मौत, पीछे छोड़ गए पत्नी और 4 छोटे बच्चे
Delhi Auto Driver Ajit Sharma died: दिल्ली में बारिश के पानी में डूबकर एक ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई है। ईस्ट दिल्ली के हर्ष विहार में एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर की कथित तौर पर बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई।
ये घटना दिल्ली के एक पुलिस स्टेशन के पास हुई है। मृतक की पहचान नंद नगरी निवासी अजीत शर्मा के तौर पर हुई है। वह 51 साल के थे।

दिल्ली पुलिस को 30 जुलाई दोपहर 3:30 बजे पीसीआर कॉल मिली कि हर्ष विहार में मेन वजीराबाद रोड पर सर्विस लेन के पास बारिश के पानी के गड्ढे में एक व्यक्ति डूब गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "ड्राइवर अजीत शर्मा का ऑटोरिक्शा खाई में फंसा हुआ पाय गया था। उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है।''
पुलिस ने कहा, "लोहे के खंभे लगाने के लिए निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास गड्ढा खोदा गया था। इसमें बारिश का पानी भर गया था। ऐसा लगता है कि ड्राइवर यह अंदाजा नहीं लगा पाया कि गड्ढा कितना गहरा है और उसने गाड़ी चला दी और दुर्घटनावश वह डूब गया।"
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिकारी के मुताबिक वे फील्ड यूनिट से घटना के बारे में रिपोर्ट एकत्र कर रहे हैं।
अपने पीछे पूरा परिवार छोड़ गए ऑटो ड्राइवर
मृतक के ऑटो ड्राइवर के परिवार में पत्नी, बेटी और तीन बेटे हैं। एक अधिकारी ने कहा कि ड्राइवर अजीत शर्मा ने गुरुवार रात अपने परिवार से संपर्क किया था और ऐसा लगता है कि यह घटना उसके बाद हुई है। हादसे वाले दिन ड्राइवर का शायद उसके परिवार से संपर्क नहीं हो पाया था।
एक अधिकारी ने कहा, ''गड्ढा इतना गहरा है कि एक ऑटो उसमें आसानी से घुस सकता है। हमें शक है कि ड्राइवर ने सोचा होगा कि गड्ढा छोटा है, इसलिए उसने अपना ऑटोरिक्शा आगे बढ़ा दिया। फिलहाल घटनाओं के सही क्रम के बारे में पता नहीं चल पाया है। घटना रात में शायद देर से हुई होगी...इसलिए हमें शक है कि उस खास सड़क को पार करने वाले बहुत से लोग नहीं थे।''
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उस जगह पर लाइट खराब थी। पुलिस ने कहा कि एक व्यक्ति शुक्रवार उस इलाके से गुजर रहा था जब उसने एक गड्ढे के अंदर एक ऑटो रिक्शा देखा। जब उन्होंने एक शव को तैरता देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय टिर्की ने कहा कि वे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करेंगे क्योंकि इससे मौत के पीछे का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मौके पर पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा, "हम घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को स्कैन करेंगे।"
पुलिस ने कहा कि ड्राइवर शर्मा अक्सर कुछ दिनों तक ऑटोरिक्शा में सोते थे और फिर घर लौट आते थे। पुलिस संबंधित एजेंसियों को नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के लिए कहेगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications