Delhi Exit Poll Result से भाजपा में खुशी की लहर, जानिए एग्जिट पोल पर क्या बोले दिल्ली के दिग्गज
Delhi exit poll 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। इसके बाद एग्जिट पोल के आंकड़े जारी किए गए हैं, जिनमें दिल्ली में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी (आप) को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पछाड़ते हुए नजर आ रही है।
वहीं कुछ में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर दिखाई जा रही है। एग्जिट पोल के परिणाम सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं में उत्साह का माहौल है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एग्जिट पोल के बाद कहा, "दिल्लीवासियों को बधाई, जिन्होंने बीजेपी को इतना प्यार और आशीर्वाद दिया है। 'आप' अब जा रही है, और बीजेपी सत्ता में आ रही है। अगर कोई फर्जी मतदान करता है, तो उसे पकड़ा जाएगा। हम शुरू से ही इसके बारे में कहते आ रहे हैं, और यह अच्छा है कि फर्जी मतदान करने वालों को पकड़ लिया गया। दिल्लीवासी एक भ्रष्टाचारमुक्त सरकार चाहते हैं और वे विकास चाहते हैं।"
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "जो एग्जिट पोल मैंने देखा, मुझे लगता है कि हमारे असल परिणाम एग्जिट पोल से बेहतर होंगे। लोगों में जो प्रतिक्रिया देखी, उससे लगता है कि बीजेपी दिल्ली में सत्ता में आ रही है... यह बीजेपी की घर वापसी है। मैं दिल्लीवासियों का धन्यवाद करता हूं।"
नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी परवेश वर्मा ने कहा, "यह निश्चित है कि 8 फरवरी को कमल खिलेगा। हम दिल्ली में अच्छा शासन देंगे, यमुना को साफ करेंगे और रोजगार प्रदान करेंगे। अरविंद केजरीवाल को यकीन है कि वह हार रहे हैं।"
कालकाजी विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रमेश विधूरी ने कहा, "यह मोदी लहर है। दिल्लीवासी विकास चाहते हैं, जैसा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में हुआ है। हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और नेताओं की रणनीति रंग लाई है। मैं इन एग्जिट पोल्स पर विश्वास नहीं करता, हमारी सीटें और बढ़ेंगी, बीजेपी 50 सीटों का आंकड़ा पार करेगी।"
क्या कहना है AAP का? सौरभ भारद्वाज ने दिया रिएक्शन
ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से 'आप' उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमने दिल्ली में तीन चुनाव लड़े थे और यह चौथा चुनाव है। 2013 के एग्जिट पोल ने हमें हराया, 2015 के एग्जिट पोल ने हमें हराया, 2020 में भी हमें कम सीटों पर आंका गया। 2025 में भी हमारी सीटें कम दिख रही हैं। मुझे लगता है कि एग्जिट पोल हमेशा हमें कम आंकते हैं और इसका कारण यह है कि आम लोगों की आवाज अक्सर बीजेपी के दबंगों द्वारा दबाई जाती है। लोग डर के कारण एग्जिट पोल में अपनी राय नहीं देते हैं।"
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, "जब भी एग्जिट पोल ने आम आदमी पार्टी का सर्वे किया है, वो गलत साबित हुआ है। आम आदमी पार्टी का वोट शेयर एग्जिट पोल से हमेशा अधिक आता है। मैंने अपने क्षेत्र में जो माहौल देखा, लोग उत्साहित थे, विक्ट्री साइन बना रहे थे, थम्स अप दिखा रहे थे और कह रहे थे कि 'आप' फिर से जीतने जा रही है। यह माहौल साफ-साफ दर्शाता है कि बड़ी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है और एग्जिट पोल गलत साबित होंगे।"
क्या बोले कांग्रेस के संदीप दीक्षित?
कांग्रेस के संदीप दीक्षित, जो नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं, ने एग्जिट पोल की भविष्यवाणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "8 फरवरी का इंतजार करें... हमने अच्छा चुनाव लड़ा है।" बहरहाल दिल्ली में एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं, लेकिन अब सबकी निगाहें 8 फरवरी के परिणामों पर हैं।
यह भी पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications