Delhi AQI Today: दिल्ली की हवा में घुला 'जहर', 450 के करीब पंहुचा AQI, आपके इलाके का क्या है हाल?
Delhi AQI Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर बेहद चिंताजनक स्थिति में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 449 तक पहुंच गया है, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इस स्तर की वायु हर व्यक्ति के लिए खतरनाक मानी जाती है, जबकि हृदय और फेफड़ों के मरीजों के लिए यह जानलेवा भी हो सकती है।
शहर में जहरीली धुंध की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और लोगों को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही है। डॉक्टर और विशेषज्ञ लोगों को घरों के अंदर रहने, अनावश्यक बाहरी गतिविधियों से बचने और केवल अत्यावश्यक होने पर N-95 मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं।

कई स्टेशनों पर 400 से ऊपर पहुंचा AQI
सुबह के समय दिल्ली के 18 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया। इसमें चांदनी चौक, डीटीयू, भवाना, आनंद विहार, मुण्डका, नरेला और वजीरपुर जैसे इलाके शामिल रहे, जहां रीडिंग 400 के ऊपर पहुंच गईं। CPCB मानक के अनुसार, 401 से 500 के बीच का AQI 'गंभीर' माना जाता है।
Sameer ऐप पर नहीं दिखा डेटा
दिल्ली के 40 मॉनिटरिंग स्टेशनों का डेटा दिखाने वाला Sameer ऐप बुधवार शाम तक अपडेट नहीं हुआ। सुबह तक स्टेशन ठीक से काम कर रहे थे, लेकिन शाम का AQI विवरण ऐप पर नहीं मिला, जिससे कई लोग रियल टाइम एयर क्वालिटी की जानकारी नहीं देख पाए।
प्रदूषण के स्रोत: गाड़ियां और पराली
Indian Institute of Tropical Meteorology, पुणे के Decision Support System के अनुसार, बीते दिन दिल्ली के कुल प्रदूषण में 18 फीसदी हिस्सा वाहनों का था। वहीं पराली जलाने से 3.8 फीसदी प्रदूषण बढ़ा। गुरुवार को इनकी हिस्सेदारी क्रमश 16.1 और 2 फीसदी रहने का अनुमान है। उधर, सैटेलाइट इमेज में मंगलवार को पंजाब में 15, हरियाणा में 6 और उत्तर प्रदेश में 377 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गईं।
दिल्ली का मौसम और तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा रहा। गुरुवार को IMD ने हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें: Mumbai AQI Today: प्रदूषण से घिरा मुंबई, 'अस्वस्थ’ हुई सपनों की नगरी की हवा, कितना है आज AQI?












Click it and Unblock the Notifications