Delhi Air Quality: अप्रैल में जमकर बरसे बदरा, बीते 7 साल में पहली बार राजधानी में हवा सुधरी
The Commission for Air Quality Management: सुधरी-सुधरी है दिल्ली की हवा, लगातार हो रही बारिश ने तपन और प्रदूषण दोनों को कम किया।

Delhi Air Quality : फरवरी और मार्च में जिस तरह से दिल्ली में मौसम ने आतंक फैलाया था उसने लोगों को भयभीत कर दिया था कि अभी गर्मी का ये हाल है तो मई-जून में दिल्ली का क्या होगा लेकिन अप्रैल में मौसम ने ऐसी करवट ली, जिसका अंदाजा किसी को नहीं था। पूरे अप्रैल दिल्ली-एनसीआर में मौसम कूल और सुहाना बना रहा और लोगों को चुभने वाली गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि मौसम के इस कूल रवैये से एक चीज का जबरदस्त फायदा हुआ और वो है प्रदूषण का कम होना। लगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली की आबोबवा सुधर गई है और यहां पर प्रदूषण कम हुआ है।
राजधानी की हवा में जबरदस्त सुधार
केवल अप्रैल में ही नहीं बल्कि जनवरी से अप्रैल के बीच में राजधानी की हवा में जबरदस्त सुधार देखा गया है। इस बारे में जानकारी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने मीडिया को दी और कहा कि साल 2016 के बाद से अब दिल्ली की हवा में सुधार देखा गया है। ये एक बढ़िया संकेत है। हालांकि इसमें साल 2020 के आंकड़े शामिल नहीं किए गए हैं क्योंकि वो समय कोरोना महामारी था और दिल्ली में लॉकडाउन लगा था, उस वक्त दिल्ली में हर फैक्ट्री और वाहन बंद होने की वजह से आबोहना में हैरत अंगेज परिवर्तन देखे गए थे इसलिए उस डेटा को सीएक्यूएम ने शामिल नहीं किया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
यही नहीं अप्रैल के महीने में 5 बार पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने से काफी बारिश हुई है, इस विक्षोभ में दो तो काफी प्रबल रहे जिसका असर मई में भी देखने को मिलेगा, आंकडों के मुताबिक इस बार दिल्ली में 20 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश का औसत भी सामान्य से काफी अधिक है क्योंकि अप्रैल में पिछले पांच सालों में कभी भी दिल्ली में इतनी बारिश नहीं हुई।
अधिकतम तापमान अप्रैल में 35.32 डिग्री रहा
तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली में अधिकतम तापमान अप्रैल में 35.32 डिग्री रहा जो कि अप्रैल 2020 के बराबर है। जबकि पिछले साल यह आंकड़ा चालीस पार हो गया था। इस बार दिल्ली में अप्रैल के महीने में एक भी दिन भयंकर गर्मी वाला नहीं रहा और ना ही हीटवेव चली, एक-दो दिन के लिए अलर्ट जरूर जारी रहा लेकिन वो मामूली ही साबित हुई।
आज भी आंधी-तूफान की आशंका
भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में आज भी दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान की आशंका व्यक्त की है। उसका कहना है कि ये पूरा हफ्ता राजधानी और उसके आस-पास इलाकों में भीगा-भीगा रहेगा। मौसन विभाग ने यहां पर अलर्ट जारी किया हुआ है और कहा है कि बारिश के दौरान तेज हवाएं चलेंगी और बिजली भी कड़क सकती हैं तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली के अलावा हिमाचल-उत्तराखंड और लद्दाख में भी तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना दिख रही है और लोगों के सेहत के प्रति सावधान रहने को कहा गया है।
स्काईमेट ने भी बारिश की आशंका जताई
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट ने आज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, एमपी में हल्की से मध्यम बारिश और हिमाचल-उत्तराखंड में भारी बारिश और हिमपात होने की बात कही है तो वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेज बारिश होने के आसार हैं जबकि राजस्थान में ओलावृष्टि हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications