CSU Sanskrit Week: संस्कृत बाल महोत्सव में गुरुकुल के स्टूडेंट्स का दिखा टैलेंट, योगाभ्यास में अद्भुत प्रदर्शन
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों ने संस्कृत सप्ताह के दौरान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीनिवास वरखेड़ी की अध्यक्षता में मनाए जा रहे संस्कृत सप्ताह के दौरान महर्षि वेदव्यास गुरुकुल विद्यापीठ, बक्करवाला, नजफगढ़ रोड दिल्ली में एक भव्य संस्कृत बाल महोत्सव का आयोजन किया। आयोजन में छात्र छात्राओं ने सूत्रान्त्याक्षरी तथा भगवद्गीता श्लोक स्पर्धाओं में अपनी मेधा शक्ति की प्रस्तुति दी। इसके अलावा स्टूडेंट्स ने योगाभ्यास का अद्भुत प्रदर्शन किया।
सीएसयू के संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य पर गुरुकुल के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा तथा योगाभ्यास का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली के कुलपति प्रो श्रीनिवास वरखेड़ी ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो वरखेड़ी ने एक चर्चा में सहर्ष कहा कि ऐसे बाल संस्कृतोत्सव से संस्कृत के पारम्परिक विद्या को अध्ययन करने वालों छात्र छात्राओं की प्रतिभा और निखर कर लोक तक पहुंचेगी और बचपन से ही उनके सफल व्यक्तित्व के निर्माण में सहायता मिलेगी। प्रो वरखेड़ी के मुताबिक, गुरुकुल ने भारतीय ज्ञान परम्परा तथा संस्कृत - संस्कृति के संरक्षण तथा संबर्धन में बहुत बड़ा योगदान दिया है ।
प्रो वरखेड़ी ने कहा, "गुरुकुल को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ा जाना अनिवार्य है ,ताकि भारतीय ज्ञान परम्परा की जड़ें जो संस्कृत के ज्ञान भंडार में सन्निहित है ,उसको अधिक से अधिक उन्मुख किया जा सके।"
विवि छात्र कल्याण विभाग के प्रमुख प्रो मदन मोहन झा ने कार्यक्रम को लेकर कहा कि छात्रों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को ध्यान में रखते हुए ऐसे आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के मन में एक उत्साह और प्रतियोगी भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को प्रमाणपत्र, स्मृति चिन्ह के साथ क्रमश: 1500 रुपए, 1000 और 700 नगद राशि दी गई। कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में डॉ. पवन व्यास तथा डॉ. प्रीति शुक्ला आदि उपस्थित रहीं। डा पवन व्यास ने भी विजित छात्र छात्राओं को उद्बोधित किया। डॉ. देवानन्द शुक्ल ,उपनिदेशक, शैक्षणिक ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा डा यशवन्त त्रिवेदी ने कार्यक्रम का संयोजन किया।












Click it and Unblock the Notifications