सीएम आतिशी ने त्यागराज स्टेडियम से 68वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का किया शुभारंभ
Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को त्यागराज स्टेडियम में 68वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि खेल लोगों को एक साथ लाते हैं और राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करते हैं। बता दें कि दिल्ली के शिक्षा निदेशालय की खेल शाखा 11 विभिन्न खेलों में 68वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों 2024-25 की मेजबानी कर रही है। खेलों को तीन चरणों में विभाजित किया गया है, पहला चरण सोमवार से शुरू होगा और एक महीने तक चलेगा।
त्यागराज स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा, नीरज चोपड़ा ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने कहा, जब राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान बजाया गया तब मुझे नहीं लगता कि कोई भी ऐसा भारतीय रहा होगा जिसकी आंखों से आंसू नहीं छलके थे।

आतिशी ने कहा, पिछले 10 वर्षों में हमने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है, जिसमें तीन हॉकी मैदान, फुटबॉल मैदान, 25 स्विमिंग पूल और 42 सिंथेटिक ट्रैक शामिल हैं। उन्होंने, युवाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया। दिल्ली सरकार विभिन्न पहलों के माध्यम से 17 वर्ष की उम्र तक के बच्चों को सहायता प्रदान करती है।
आगे आतिशी ने कहा, हमारा मिशन उत्कृष्टता कार्यक्रम युवा खिलाड़ियों को 16 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करता है, जिससे 2018 और 2022 के बीच 400 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ हुआ।












Click it and Unblock the Notifications