Delhi: जेएनयू में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, दो छात्र घायल
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में गुरुवार को दो गुटों में झड़प हो गई। जिसमें दो छात्रों के घायल होने की खबर है। मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत भारी फोर्स के साथ पुलिस वहां पहुंची। मौके पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी गुट ने पुलिस के पास लिखित शिकायत नहीं दर्ज करवाई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि निजी विवाद की वजह से ये झड़प हुई थी।

जानकारी के मुताबिक ताप्ती हॉस्टल में रहने वाले छात्र का दूसरे हॉस्टल के छात्र से विवाद हुआ। इसके बाद वहां पर जमकर मारपीट हुई, जिसमें 2 छात्र घायल हुए। इस विवाद में बाहरी छात्रों को भी बुलाने का आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक ये निजी विवाद का मामला है, इसमें और कोई एंगल अभी नजर नहीं आ रहा। जैसे ही कोई पक्ष शिकायत लेकर उनके पास आता है, वो कार्रवाई करेंगे। फिलहाल वहां पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
वहीं सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। 14 सेकेंड के वीडियो में कुछ छात्र हाथों में डंडा लिए सड़कों के बीच दिखाई दे रहे। साथ ही वो तेज-तेज से एक-दूसरे को गाली दे रहे। उनमें से कुछ ने अपने चेहरे को ढक रखा था। आरोप है कि बाहर से आए युवकों ने ही वहां पर मारपीट को अंजाम दिया, लेकिन अभी उनकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
2020 में हुई थी हिंसा
वैसे जेएनयू में मारपीट की घटना कोई नई बात नहीं है, लेकिन जनवरी 2020 में वहां पर बड़ी हिंसा हुई थी। उस वक्त कुछ टीचर्स और छात्रों ने मिलकर एक मार्च निकाला था। तभी वहां नकाबपोश लोग पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। उस वक्त आरोप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पर लगा था। वहीं पिछले साल एबीवीपी और AISA के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे।












Click it and Unblock the Notifications