उपराज्यपाल के आदेश पर आतिशी का सामान मुख्यमंत्री आवास के बाहर फेंका गया: आप
New Delhi: आम आदमी पार्टी ने बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना के आदेश पर मुख्यमंत्री आतिशी का सामान उनके सरकारी आवास - 6, फ्लैगस्टाफ रोड - से बाहर फेंक दिया गया। केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने यह भी आरोप लगाया कि सीएम आवास को कब्जा में करने की बीजेपी की योजना का हिस्सा था।
आप ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिविल लाइंस में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास को भाजपा के इशारे पर जबरन खाली कराया गया क्योंकि उपराज्यपाल वीके सक्सेना इसे भगवा पार्टी के एक नेता को आवंटित करना चाहते थे।

मुख्यमंत्री कार्यलय (CMO) के अनुसार सीएम आवास के बाहर लगेज और डब्बे निकालते देखा गया और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम को भी वहां पर देखा गया।
आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि BJP दिल्ली में 27 साल से चुनाव हार रही है और अपना मुख्यमंत्री नहीं बना पा रही है। अब ये मुख्यमंत्री आवास पर क़ब्जा करना चाह रहे हैं और उसके लिए तमाम झूठ फैला रहे हैं। आतिशी जी को वहां रहने जाना था लेकिन पत्र लिखने के बावजूद CM आवास आतिशी जी को नहीं दिया गया। इसके अलावा जब वहां आतिशी जी ने CM कैम्प कार्यालय बनाकर मीटिंग शुरू की तो वहां के स्टाफ़ को ख़ाली करा दिया गया।
वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर लिखा- LG सॉब मीडिया में प्लांट कर रहे हैं कि दिल्ली की CM आतिशी का सामान CM हाउस से इस लिए बाहर फेंका गया क्योंकि उन्होंने CM हाउस की चाबी पीडब्ल्यूडी को नहीं दी थी। आतिशी जी का सामान बाहर फेंकने के बाद अब घर के अंदर की inventory ली जाएगी और उसके बाद उन्हें घर allot किया जाएगा।
सौरभ भारद्वाज ने एलजी से पूछा कि राज निवास में शिफ्ट हुए थे तो क्या पुराने LG ने राज निवास की चाबी PWD को दी थी और क्या नए LG के शिफ्ट होने के पहले राज निवास की inventory ली गई थी?
बता दें कि आतिशी ने इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली के सिविल लाइंस में फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर 6 में शिफ्ट किया था, जिसके बाद उन्होंने आवासीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की थी।
कुछ दिन पूर्व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार के साथ यह आवास खाली कर दिया था और लुटियंस दिल्ली के फिरोजशाह रोड में पार्टी के सांसद अशोक मित्तल को आवंटित बंगले में शिफ्ट हो गए थे। सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद केजरीवाल ने आवास खाली करने की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications