'दिल्ली में शराब घोटाला नहीं हुआ, ये राजनीतिक प्रतिशोध', सिसोदिया से CBI पूछताछ से पहले केजरीवाल का बयान
कथित शराब घोटाले पर सीबीआई के मनीष सिसोदिया को समन भेजने के बाद अब सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है, ये राजनीतिक प्रतिशोध का मामला है।

Delhi CM Arvind Kejriwal: दिल्ली में एक बार फिर से कथित 'शराब घोटाले' की आग धधकने लगी है। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। कथित शराब घोटाले मामले को लेकर रविवार को एक बार फिर से डिप्टी सीएम से पूछताछ होगी। जिसके लिए सीबीआई ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को समन भेजा है। अब इस पूरे मामले पर आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान आया है। अपने बयान में केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
दिल्ली में कोई 'शराब घोटाला' नहीं हुआ
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली में कोई "शराब घोटाला" नहीं हुआ है। उनकी सरकार की आबकारी नीति के खिलाफ मामला 'राजनीतिक प्रतिशोध और साजिश' का नतीजा है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि शराब घोटाला नाम की कोई चीज नहीं है। हमने देश की सबसे पारदर्शी एक्साइज पॉलिसी बनाई। पंजाब में भी यही पॉलिसी लागू की तो 48% रेवेन्यू बढ़ गया। दिल्ली में राजनीतिक प्रतिशोध के लिए सब रचा गया है।
रविवार को एक बार फिर पूछताछ
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि कल (रविवार) को मनीष सिसोदिया जाएंगे, सहयोग करेंगे, अंत में जीत सच्चाई की होगी। आप संयोजक का यह बयान उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सीबीआई की ओर से रविवार को पूछताछ के लिये तलब किये जाने से पहले आया है।
समन पर सिसोदिया का बयान
इससे पहले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा, "सीबीआई ने कल फिर बुलाया है। मेरे खिलाफ इन्होंने CBI, ED की पूरी ताकत लगा रखी है, घर पर रेड, बैंक लॉकर तलाशी, कहीं मेरे खिलाफ़ कुछ नहीं मिला। मैंने दिल्ली के बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम किया है। ये उसे रोकना चाहते हैं। मैंने जांच में हमेशा सहयोग किया है और करूंगा।"












Click it and Unblock the Notifications