NEET 2026: नीट पेपर लीक पर केजरीवाल का फूटा गुस्सा! युवाओं से की निर्णायक लड़ाई की अपील
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मेडिकल और सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने युवाओं के भविष्य, परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक गिरोहों पर सवाल उठाए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि, हर साल करोड़ों युवा इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेजों में दाखिले और सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षाएं देते हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण में चल रहे पेपर लीक गिरोह युवाओं का भरोसा और हौसला तोड़ रहे हैं।'

उन्होंने आगे कहा कि पेपर लीक में शामिल माफिया और उन्हें संरक्षण देने वाले नेता 'देश के दुश्मन' हैं। उनके मुताबिक, ऐसे लोग देश की नींव को खोखला कर रहे हैं और सरकारें इस अपराध की साझेदार बन चुकी हैं।केजरीवाल ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि इसके खिलाफ युवाओं को देशभर में 'एक निर्णायक लड़ाई' लड़नी होगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की। इस पोस्ट में NEET 2026 परीक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस की जांच का जिक्र किया गया था। पोस्ट के मुताबिक, जांच के दौरान कथित तौर पर केरल से राजस्थान के सीकर पहुंचे एक गैंग का पता चला। दावा किया गया कि इस गैंग के पास मौजूद पेपर में परीक्षा के 720 अंकों में से करीब 600 अंकों के सवाल मैच हुए।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही आरोप लगाया गया कि करीब 5 लाख रुपये में कथित तौर पर पेपर बेचे गए। हालांकि, यह जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट और शुरुआती जांच के दावों पर आधारित है। मामले में आधिकारिक एजेंसियों की जांच जारी है।














Click it and Unblock the Notifications