Delhi के पूर्व CM केजरीवाल आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज (रविवार, 7 दिसंबर) से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर जा रहे हैं। केजरीवाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी कि वह वहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके इस दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और पार्टी विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उनका दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी गुजरात में एक राजनीतिक हमले का सामना कर रही है, जिस पर उन्होंने ट्वीट कर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गुजरात में AAP की एक रैली के दौरान शनिवार को जामनगर में उस समय हंगामा हो गया, जब रैली में मौजूद दर्शकों में से एक व्यक्ति ने अचानक AAP विधायक गोपाल इटालिया पर जूता फेंक दिया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जूता फेंकते ही स्टेज से एक महिला कार्यकर्ता तुरंत नीचे कूदीं और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जूता फेंकने वाले शख्स को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि जैसे ही विधायक पर जूता फेंका गया, वहां तुरंत अफरा-तफरी मच गई। सारे कार्यकर्ताओं ने जूता फेंकने वाले शख्स को पकड़ लिया और फिर उसे काफी देर तक पीटते रहे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बचाव करते हुए नज़र आए, लेकिन भीड़ बहुत ज़्यादा होने के कारण पुलिस को उस शख्स को भीड़ से छुड़ाने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी।
केजरीवाल का सीधा हमला: 'BJP-कांग्रेस AAP के खिलाफ एकजुट'
AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया (X) पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात में AAP की बढ़ती लोकप्रियता ने BJP और Congress दोनों को हिला दिया है।
केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, 'गुजरात में AAP की बढ़ती लोकप्रियता ने BJP और Congress दोनों को हिला दिया है। हम BJP की नाकामियों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन दर्द कांग्रेस को हो रहा है... क्यों? जामनगर में हमारे लोकप्रिय नेता और विधायक गोपाल इटालिया जी पर कांग्रेस के कार्यकर्ता ने हमला कर दिया।'
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि 'ये हमला साफ़ बताता है कि गुजरात में BJP-Congress अब AAP के खिलाफ़ एकजुट होकर लड़ रही हैं।' केजरीवाल ने दोनों पार्टियों को चेतावनी देते हुए कहा, 'लेकिन दोनों पार्टियां सुन लें - AAP के नेता न डरते हैं, न झुकते हैं। गुजरात की जनता अब AAP की तरफ़ जाते हुए बदलाव का मन बना चुकी है, और यही इन दोनों पार्टियों की घबराहट की वजह है।'












Click it and Unblock the Notifications