12वीं में हुआ फेल तो घर से ATM कार्ड, 1 लाख लेकर भागा, FB दोस्त के घर रुका, वहां मिली लाश
नोएडा। दिल्ली एनसीआर के शालीमार बाग के अपने घर से एक लाख रुपए और एटीएम कार्ड लेकर गायब हुए 18 साल के अमन की लाश दोस्त के कमरे में फांसी पर लटकी मिली। अमन सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में दूसरी बार फेल हो गया था जिसके बाद वह एटीएम कार्ड और पैसे लेकर माता-पिता को बिना बताए सलारपुर में रह रहे फेसबुक दोस्त बादल के पास चला गया था जहां शुक्रवार की शाम में उसकी लाश मिली। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अमन के पिता ने दोस्त बादल के खिलाफ हत्या के केस की तहरीर दी है लेकिन अभी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। मामले की जांच-पड़ताल चल रही है।

सीबीएसई की 12वीं में दूसरी बार फेल
मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीएसई 12वीं की परीक्षा के रिजल्ट में फेल होने के बाद अमन घर से भागा था। वह अपने साथ पिता का एटीएम कार्ड ले आया था और बताया जा रहा है कि उसके पास एक लाख रुपए भी थे। पिता विपिन के मुताबिक, इसी एक लाख रुपए के लिए दोस्त ने उसकी हत्या की है। अमन और उसके परिजन शालीमार बाग में रहते हैं और बिहार के भागलपुर के निवासी हैं। अमन की दोस्ती बादल से फेसबुक के जरिए हुई थी। बादल भी भागलपुर का रहने वाला है। यहां दिल्ली एनसीआर के सलारपुर इलाके में किराये के कमरे पर रहता है और एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है।

पहले भी घर से भाग चुका था अमन
पुलिस के मुताबिक, पहले भी एक बार अमन घर से पिता का एटीएम कार्ड लेकर भाग चुका था। एक फिर उसने वही किया। अमन की लाश बादल के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। बादल ने ही पुलिस को इस बारे में सूचना दी थी। बादल का कहना है कि अमन ने उससे कहा था कि वह घर लौट जाएगा, उसकी पिता से बात हुई थी लेकिन जब वह ऑफिस से लौटा तो देखा कि घर का दरवाजा खुला और लाश फंदे से लटक रही थी।

अमन ने खुदकुशी की या हत्या?
पिता विपिन का आरोप है कि उसका बेटा खुदकुशी नहीं कर सकता, उसकी हत्या की गई है। एक लाख रुपए के लिए बादल ने ही उनके बेटे की हत्या की है। पिता का आरोप है कि बादल पैसों के लिए इसी तरह दूसरों को फेसबुक के जरिए फंसाता है और अलग-अलग फर्जी आईडी से अमन से बात करता था। अमन की मां रोते-रोते कई बार बेहोश हो गईं। उन्होंने भी कहा कि बेटे से आरोपी आईडी बदल-बदलकर बात करता था। इससे पहले भी अमन घर से पैसे लेकर भागा था लेकिन वापस लौट आया था। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी और इस मामले में अभी कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications