Delhi News: मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई हिंसा में मुख्य आरोपी सहित 6 गिरफ्तार, तलवार लहराकर भीड़ को उकसाया था
Delhi News: पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई में मुहर्रम जुलूस में भाग लेने वाली भीड़ की पुलिस के साथ हुई झड़प में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस ने हिंसा भड़काने के लिए शुक्रवार को 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी साहिल सलमानी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने हवा में तलवार लहराकर भीड़ को उकसाया था।

एफआईआर के अनुसार, जुलूस के दौरान भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया था। जान से मारने की नीयत से उन पर तलवारों से हमला किया। इतना ही नहीं, सार्वजनिक संपत्तियों को भी नुकसान भी पहुंचाया। अन्य लोगों ने भी पथराव किया। पुलिस के अनुसार, हिंसा के बाद साहिल सलमानी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने बाल छोटे कर लिए थे।
पुलिस द्वारा जारी किए गए वीडियो में काले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति (साहिल) को तलवार पकड़े हुए और दूसरे व्यक्ति को हाथ में छड़ी पकड़े हुए दिखाया गया है। गिरफ्तार छह आरोपियों की पहचान साहिल सलमानी, असलम कुरेशी, समीर, साहिल खान और सोहैब के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग बदलने से रोकने पर भीड़ ने कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। डायवर्जन पर आपत्ति के बाद पुलिस कर्मियों पर पथराव किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने अनियंत्रित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
पुलिस के अनुसार, पथराव में छह पुलिस कर्मियों और पांच महिलाओं सहित 6 स्वयंसेवकों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने घटना के संबंध में तीन मामले दर्ज किए। उन्होंने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित घटनाओं के वीडियो स्कैन किए। संदिग्धों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए कई टीमें भी गठित की गईं।












Click it and Unblock the Notifications