कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को बनाया गया उत्तराखंड का नया बीजेपी अध्यक्ष, मंत्रिमंडल का भी आज हो सकता है विस्तार
देहरादून। तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के तौर पर कमान संभाल ली है। तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) हाईकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल दिया है। हाईकमान ने उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री व हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को दी है। इससे पहले ये जिम्मेदारी बंशीधर भगत संभाल रहे थे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। जारी किए गए पत्र में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने लिखा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मदन कौशिक को उत्तराखंड प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सूत्रों की मानें तो बंशीधर भगत को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में मदन कौशिक ने कैबिनेट मंत्री होने के साथ ही वह सरकारी प्रवक्ता की भी जिम्मेदारी संभाल रखी थी। सरकारी कामकाम सहित सभी सरकारी योजनाओं के बारे में बताने के लिए मदन कौशिक को ही अधिकृत किया गया था। वह हरिद्वार विस क्षेत्र से चार बार विधायक हैं। उन्होंने 2007-2012 में मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्हें पहली बार 2002 में विधान सभा के सदस्य के रूप में चुना गया था। उसके बाद 2007, 2012 और 2017 में। 2017 में चुनाव जीता है।
आज हो सकता है मंत्रीमंडल विस्तार
वहीं, दूसरी तरफ तीरथ सिंह रावत शुक्रवार को अपने मंत्रीमंडल का विस्तार कर सकते हैं। जिसमें 11 मंत्री शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि मंत्रियों का नाम तय करने के लिए सीधे बीजेपी हाईकमान चर्चाओं में शामिल है। उन सभी लोगों के नामों पर भी विचार चल रहा है जो त्रिवेंद्र कैबिनेट में अच्छा काम कर रहे थे, लेकिन कुछ का पत्ता कटना तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications