Chitrakoot News: ददुआ डकैत के बेटे को कोर्ट ने भेजा जेल, सपा से पूर्व विधायक थे वीर सिंह पटेल
समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और ददुआ के पुत्र वीर सिंह पटेल को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। वह धोखाधड़ी के मामले में वारंट जारी होने के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे।

चित्रकूट के दस्यु ददुआ के बेटे और सदर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक वीर पटेल को न्यायालय ने सोमवार को जेल भेज दिया। वह वारंट जारी होने के बाद एससी-एसटी संबंधी एक मामले में न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। सोमवार को जब वह दूसरे मामले में अपील में न्यायालय गए तो वहां न्यायाधीश ने उनको कस्टडी में लेकर जेल भेजने का आदेश दे दिया।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सनत कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि बल्दाऊगंज निवासी मोतीलाल बौरिया बेटे स्वर्गीय रामप्रसाद ने 8 जून 2017 में कर्वी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वीर पटेल ने 14 मार्च 2013 को उसके बेटे को नौकरी दिलाने को झूठा प्रलोभन देकर 2 लाख रुपये ठग लिए थे। बाद में रुपये वापस नहीं किए। 22 अप्रैल 17 को जब वह वीर पटेल के घर गया तो पैसे की मांग करने पर वह गुस्सा हो गए और गालियां दीं। जातिसूचक शब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पूर्व विधायक कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे
शासकीय अधिवक्ता ने जानकारी दी कि बार-बार वारंट जारी होने के बाद भी पूर्व विधायक न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहे थे। सोमवार को पूर्व विधायक एक अन्य प्रकरण में अपील के लिए एससी एसटी न्यायालय पहुंचे थे, जहां एससी एसटी कोर्ट के न्यायाधीश दीप नारायण तिवारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोर्ट मोहर्रिर को वीर पटेल को कस्टडी में लेने का आदेश दिया। इस पर पूर्व विधायक को हिरासत में लेकर जिला जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications