Chitrakoot Road Accident: साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पलटी दरोगा की कार, दोनों की मौत
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ज़िले में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां के रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही गांव के पास हाईवे पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक दरोगा की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था और दरोगा की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी।
बता दें कि प्रयागराज जिले के थाना सोरांव के सेवइथ गांव निवासी 35 वर्षीय दरोगा श्यामप्रकाश (35) बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र की महुटा चौकी के प्रभारी थे। वह गुरुवार को कार से प्रयागराज से महुटा जा रहे थे। वहीं रास्ते में चित्रकूट के रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही गांव के पास सामने से आए तेज रफ्तार चार पहिया वाहन से बचने के लिए उन्होंने कार को साइड में दबाया, लेकिन उस तरफ से एक साइकिल सवार भी आ गया। फिर उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाई तो कार पलट गई और साइकिल सवार भी कार की चपेट में आ गया।

मेले में गुब्बारे बेचने जा रहा था मृतक साइकिल सवार
इस हादसे में बसिला गांव के अतरौली रैपुरा निवासी रामशेखन (52) की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह कार में फंसे दरोगा को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाॅक्टर ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार रामशेखन साइकिल में गुब्बारे लगाकर लालापुर आश्रम में लगे मेले में बेचने जा रहा था।

दरोगा को दिया जाएगा गॉर्ड ऑफ़ ऑनर
आपको बताते चलें कि दरोगा श्यामप्रकाश तीन भाई थे। उनका एक पुत्र है। पत्नी सीमा भास्कर का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी होते ही बांदा व चित्रकूट के पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। दरोगा की पत्नी और बच्चे को ढांढ़स बंधाया और पोस्टमार्टम के बाद दरोगा के शव को लेकर पुलिस टीम बांदा पुलिस लाइन रवाना हो गई। वहां उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया जाएगा।
उधर, मृतक मजदूर के पुत्र जगराज ने बताया कि वह तीर्थ क्षेत्र में साइकिल से गुब्बारे बेचने का काम करते थे। उनके दो पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। पत्नी मतलेश देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है।












Click it and Unblock the Notifications