स्ट्रांग रूम में ऐसा क्या हुआ कि नकुलनाथ की टेंशन बढ़ गई? चुनाव आयोग से शिकायत करने भोपाल पहुंचे
Chhindwara Lok Sabha Seat: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर चुनाव तो प्रथम चरण में संपन्न हो गया था। लेकिन इसके बाद भी इस लोकसभा क्षेत्र में तनाव का माहौल लगातार बना हुआ है। अब नई गड़बड़ी यहां सामने आई है। जिसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात नकुलनाथ कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद ईवीएम मशीन छिंदवाड़ा के पीजी कॉलेज के स्ट्रांग रूम में कैद कर दी गई है। वहीं स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

दरअसल अपने दो दिनों के दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे सांसद नकुलनाथ ने आज छिंदवाड़ा पीजी कॉलेज पहुंचकर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए कहा कि पिछले दिनों बिजली गिरने की घटना के बाद यहां कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह को लेटर लिखा था।
जिसमें उन्होंने कहा था कि सभी स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियोग्राफी उपलब्ध कराया जाए। नकुलनाथ ने बताया कि आज तक कलेक्टर ने उन्हें वीडियो उपलब्ध नहीं कराई है। इसको लेकर वे आज चुनाव आयोग से मामले की शिकायत करेंगे।
नकुल नाथ सोमवार को छिंदवाड़ा से सीधे भोपाल के लिए रवाना हो गए। वे भोपाल में चुनाव आयोग से इस संबंध में कलेक्टर की शिकायत करने की बात कही है। बता दें कि पिछले रविवार को मौसम खराब होने बाद आकाशीय बिजली गिरने का मामला सामने आया था। जिसके चलते दो स्क्रीन पर सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए थे। कैमरे बंद होने की जानकारी लगने के बाद तत्काल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पहुंच गए थे।
वहीं जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर तुरंत यहां पर एलसीडी बदलकर नए एलसीडी लगा दिए थे। अब दोबारा सांसद नकुनाथ छिंदवाड़ा पहुंचे तो उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कलेक्टर की चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि वे चुनाव आयोग से सारे मामले की शिकायत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications