छिंदवाड़ा की जनता का अपार स्नेह बता रहा है कि लोकसभा चुनाव में PM मोदी के नाम पर वोट पड़ेगा: CM मोहन यादव
CM यादव ने कहा कि मैं अपने आप को मुख्यमंत्री नहीं मध्यप्रदेश की जनता का मुख्य सेवक मानता हूं। पीएम नरेंद्र मोदी देश के प्रधान सेवक हैं और मैं मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश के विकास और कल्याण को समर्पित हूं।
सीएम ने कहा कि बहन-बेटियों के कल्याण के लिए प्रदेश में जारी कोई योजना बंद नहीं की जाएगी। त्यौहारों के चलते मार्च माह की पहली तारीख को ही इस बार लाड़ली बहनों के खाते में राशि भेज दी जाएगी।

छिंदवाड़ा की जनता का अपार स्नेह बता रहा है कि लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नाम पर वोट देगी। पिछली बार के लोकसभा चुनाव में कुछ कसर रह गई थी, लेकिन यहां की जनता इस बार छिंदवाड़ा लोकसभा भाजपा को जिताकर वह कसर भी पूरी करेगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बालाघाट और छिंदवाड़ा में जन आभार यात्रा के बाद सभा को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री बालाघाट जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के समक्ष कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बालाघाट में 761 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया और छिंदवाड़ा में 178.26 करोड़ रुपए के 347 विकास कार्यों की सौगात दी है।
भाजपा की सरकार गरीबों के साथ
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्षों तक कांग्रेस ने शासन किया, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश की क्या हालत थी यह बात किसी से छिपी नहीं है। भाजपा की सरकार गरीबों का कल्याण करने वाली सरकार है। सभी वर्गों के कल्याण के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। भाजपा सरकार सर्वस्पर्शी, सर्व समावेशी है। बिना राग-द्वेष के साथ विकास व कल्याण के कार्य किए जा रहे हैं।

जो अभी नहीं आए, कल भाजपा परिवार में आएंगे
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कुछ लोग भाजपा परिवार में जुड़ना चाह रहे हैं, लेकिन अभी नहीं जुड़े हैं। लेकिन काल के प्रवाह में आगे चलकर वे हमारे परिवार से जुड़ेंगे, ऐसा हमें विश्वास है। मैं यह बात इसलिए कह सकता हूं कि यह सभी को मालूम है कि अगर कोई प्रदेश और देश का विकास कर सकता है तो वह है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है।
विकास प्रक्रिया में सहयोगी बनने का किया आव्हान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बालाघाट में 650 करोड़ रुपए लागत की हिंदुस्तान ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और हिन्दुस्तान टेप्स प्राइवेट लिमिटेड औद्योगिक इकाईयों का भूमिपूजन किया साथ ही बालाघाट जिले के 761 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विकास की इस प्रक्रिया में बालाघाट वासियों से सहयोगी बनने का आव्हान किया।
सागर में रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में कोदो-कुटकी के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहले मंत्री परिषद की बैठक में रानी अवंती बाई और रानी दुर्गावती के नाम पर पुरस्कार की घोषणा की गई है। हमारा अतीत गौरवशाली है। गोंडवाना क्षेत्र में रानी दुर्गावती ने स्वाभिमान और आत्मसम्मान को डिगने नहीं दिया। सागर में शीघ्र ही रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया जाएगा।
अयोध्या से अरब देश तक आज हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि देशवासी भारत को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है, दुनिया के सभी प्रमुख देश भारत से मित्रता को आतुर हैं। आज अयोध्या से अरब देश तक हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं। यही कामना है कि देश और सनातन संस्कृति इसी तरह आगे बढ़ती रहे। भारत विश्व की पहले नंबर की अर्थव्यवस्था बने, इस उद्देश्य के लिए मध्य प्रदेश सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्यरत रहेगी और लोकतंत्र को सशक्त करेगी। मध्य प्रदेश देश का पहले नंबर का राज्य बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications