Chhindwara News: ‘अभी तो सिर्फ शुरूआत है..’, देश का नंबर वन राज्य बनाएंगे MP, पांढुर्णा में बोले CM मोहन यादव
Chhindwara News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा सभी के विकास के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे। जनता के हित में लगातार कार्य किए जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिला पांढुर्णा में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहली बार आप सभी के बीच संवाद करने आया हूं। यह सिर्फ एक शुरुआत है, मैं लगातार आपके बीच जाकर संवाद करता रहूंगा। संवाद के इस सिलसिले को जनसंवाद का नाम दिया गया है। जनता से बात करके, जनता की कठिनाइयों को समझ कर हर समस्या का उचित समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ भाई-बहन का नाता है। इस नाते आप सभी के बीच लगातार आता रहूंगा। आप सभी से बात कर आपकी समस्याओं का निराकरण करूंगा। जो छोटे, नवीन और पिछड़े जिले हैं, उनकी क्षेत्रानुसार स्थानीय कठिनाइयां है। इन कठिनाइयों को मौके पर जाकर समझना और समाधान करना जरूरी है। जिला बनने के बाद जिले की स्थानीय परेशानियों को दूर कर उसका विकास करना राज्य शासन का दायित्व है।

पीएम मोदी ने प्राकृतिक खेती को किया प्रोत्साहित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा के पाथई और कोडिया ग्राम के निवासियों से संवाद किया। ग्राम पाथई के कृषक श्री राहुल कुमार से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करते हुए सभी कृषकों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित किया है। प्राकृतिक खेती से खेती की लागत में कमी आती है और उसके अनुपात में फसल की कीमत अधिक मिलती है। जमीन की उर्वरता बनी रहती है। कृषक श्री राहुल ने बताया कि उनकी 10 एकड़ जमीन है। जिसमें वो पूरी तरह प्राकृतिक खेती करते है। शासन की योजना का लाभ लेकर नवरतन नाम का आटे का यूनिट भी लगाया है। एक अन्य कृषक ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बताया कि उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से साल में 12 हज़ार रुपए मिलते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को स्थानीय आशा कार्यकर्ता नर्मदा काकड़े ने बताया कि जन समुदाय को स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए वह चौबीस घंटे तत्पर रहती है। आज ही बच्चों का टीकाकरण करके कार्यक्रम स्थल आई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काकड़े की सेवा भावना की सराहना की और उन्हें निरंतर जनता के प्रति अपना कर्तव्य निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।












Click it and Unblock the Notifications