Bageshwardham: होम स्टे संचालकों का होगा पुलिस वेरीफिकेशन, रखना होगा रिकॉर्ड
Bageshwardham: बुंदेलखंड के छतरपुर जिले की राजनगर तहसील में स्थित प्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र बागेश्वरधाम इलाके में होम स्टे संचालकों को पुलिस वेरीफिकेशन कराना होगा। यहां होम स्टे करने वालों का भी रिकॉर्ड रखने का आदेश जिला प्रशासन द्वारा दिया गया है। बता दें कि गढ़ा गांव में देशभर से लोग व व्यापारी आकर यहां व्यावसाय स्थापित कर रहे हैं।

छरतपुर जिले के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नम: शिवाय अरजरिया ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि राजनगर तहसील के गढ़ा गांव में स्थित प्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र बागेश्वरधाम में होम स्टे संचालकों को अपना और स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा। यह आदेश इलाके में शांति व्यवस्था और कौन कहां से आकर यहां होम स्टे संचालित कर रहा है। इसकी जानकारी व रिकॉर्ड रखने के उद्देश्य से कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन की तरफ से जारी पुलिस वेरीफिकेशन आदेश में कहा गया है कि होम स्टे संचालकों को अपना वेरीफिकेशन पुलिस थाने जाकर कराना होगा। इतना ही नहीं होम स्टे करने वाले व्यक्तियों की पूरी जानकारी रिकॉर्ड के रूप में रखना होगी। प्रत्येक होम-स्टे संचालक फायर उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। होम स्टे के निर्माण में कोई ज्वलनशील पदार्थ का प्रयोग न किया जाए। उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित होम स्टे संचालकों के खिलाफ कानून कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में घटनाओं से प्रशासन ने लिया सबक
छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के रिकॉर्ड के अनुसार बीते सालों में बागेश्वरधाम में दर्शनों के लिए आने वाले कई लोग लापता हो गए। वे यहां से दर्शन करने के बाद घर ही नहीं पहुंचे हैं। हालांकि करीब आधा दर्जन लोगों की बरामदगी हो चुकी है। बावजूद इसके कई लोग अब भी गायब हैं। इधर बीते महीनों में बागेश्वरधाम की पहाड़ी के पास व एक खेत में अज्ञात लोगों के शव भी मिल चुके हैं, जिनकी शिनाख्त हफ्तों बाद तक नहीं हो सकी है। इस कारण प्रशासन ने यहां आकर रूकने वालों का रिकॉर्ड रखने के लिए यह आदेश जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications