'ये जाति-धर्म के नाम पर देश में दरार पैदा करना चाहता हैं', एमके स्टालिन ने बीजेपी पर साधा निशाना
Tamil Nadu DMK MK Stalin: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके चीफ एमके स्टालिन केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर लगातार हमलावर हैं। वहीं बिहार से उठी जातीय गणना की मांग तमिलनाडु भी पहुंच गई है। एमके स्टालिन ने राष्ट्रीय जनगणना में जाति गणना को शामिल करने की मांग करते हुए पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है। वहीं शनिवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे स्टालिन ने बीजेपी पर देश में दरार पैदा करने का आरोप लगाया।
चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि आज हम भाजपा और अन्नाद्रमुक जैसी पार्टियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। हम फासिस्टों के खिलाफ लड़ाई में हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हम एक ऐसे समूह के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो जाति और धर्म के नाम पर देश में दरार पैदा करना चाहता है। एआईएडीएमके और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
वहीं सीएम स्टालिन ने कहा कि द्रमुक केवल 'आर्यन' आधिपत्य के खिलाफ है और यह अध्यात्मवाद के खिलाफ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि चाहे मंदिरों में पूजा करना हो या भक्ति, यह व्यक्ति का अपने अधिकार और इच्छा का मामला है।
इसके अलावा मंदिरों को लेकर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर तमिलनाडु में मंदिरों को नष्ट करने का दावा करते हुए अफवाह फैलाई जा रही है। सच्चाई यह है कि हमारे शासन ने 1,000 मंदिरों को प्रतिष्ठापित किया है और यही शासन का हमारा द्रविड़ मॉडल है।
PM मोदी से की जातीय गणना की मांग
इससे पहले एमके स्टालिन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय दशकीय जनगणना में जाति जनगणना को शामिल करने की मांग की। स्टालिन ने पीएम मोदी को शुक्रवार को लिखे पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार को एक व्यापक, राष्ट्रव्यापी जातीय गणना की तुरंत योजना बनानी चाहिए और इसकी तैयारी शुरू करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications