VIDEO: कृषि कानूनों के खिलाफ चंडीगढ़ में मार्च निकाला तो सरकार ने चलवाई पानी की तोप, नहीं हटे प्रदर्शनकारी
चंडीगढ़। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान संगठनों के आंदोलन का आज 51वां दिन है। पंजाब-हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में भी प्रदर्शनकारी काफी तादाद जुटे। कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने प्रदर्शनकारियों के साथ कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब राज भवन तक मार्च निकाला। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन (पानी की तोप) का इस्तेमाल किया। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी ले लिया। न्यूज एजेंसी ने इसका वीडियो जारी किया है। आप देख सकते हैं कि किस तरह प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार की गई।
Recommended Video
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'किसान को ये बात समझ आ गई है कि हमारी आजादी छिन गई है। हिंदुस्तान को ये बात समझनी है। नरेंद्र मोदी और 2-3 उद्योगपति मित्र, जो भी आपका है, वो (नरेंद्र मोदी) आपसे छीनने जा रहे हैं। जहां भी देखिए, मीडिया, IT, रिटेल, पावर में देखिए, आपको 4-5 बिजनेसमैन और नरेंद्र मोदी हैं। ये 4-5 लोग ही देश को चला रहे हैं। किसान और आम लोग कहीं नहीं हैं।'
बता दिया जाए कि, कृषि कानूनों पर किसान संगठन और सरकार के बीच की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है। किसानों से चर्चा के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 12 जनवरी को 4 एक्सपर्ट्स की एक कमेटी बनाई गई थी। 14 जनवरी यानी 2 दिन बाद ही कमेटी से भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह मान ने नाम वापस ले लिया। मान ने कहा कि, हम किसानों के समर्थन के लिए इस तरह की कमेटी ज्वॉइन नहीं करेंगे। अब कमेटी 19 जनवरी को किसानों के साथ पहली बैठक कर सकती है।