UP News: चंदौली में दो समुदायों में हुई मारपीट में एक की मौत, क्षेत्र में तनाव के बाद फोर्स तैनात
Chandauli News Uttar Pradesh: चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा जलीलपुर नई बस्ती में जल निकासी के विवाद में दो समुदाय में जमकर मारपीट हुई। बुधवार रात हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मौत के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर नई बस्ती में पानी निकासी की समस्या काफी समय से चली आ रही है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार की रात लगभग आठ बजे पानी बहाने को लेकर दो समुदायों के लोगों में बहसबाजी शुरू हो गई। आरोप है कि पहले दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भीड़ गईं। इस बीच एक पक्ष के कुछ युवक मौके पर आ गए और दूसरे पक्ष के शाहिद (35) नाम के युवक की पिटाई कर दी।

शाहिद की पत्नी रूबी का आरोप है कि जल निकासी को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद मारपीट में शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल शाहिद को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाॅक्टरों ने उसे ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल शाहिद की मौत हो गई। मौत की सूचना फैलते ही लोग आक्रोशित हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी विनय कुमार सिंह, सीओ, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई. मौके पर देर रात तक एडिशनल एसपी, सीओ मौजूद हैं।
मुगलसराय कोतवाली इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत लिया है । चार लोगों को हिरासत में ले लिया है.












Click it and Unblock the Notifications