UP News: बिहार ले जाई जा रही थी अवैध शराब की करोड़ों की खेप, चंदौली पुलिस ने ट्रक से किया जब्त
UP News: चंदौली में एक बार फिर शराब तस्करों की बड़ी साजिश बेनकाब हो गई। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी और बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये आंका गया है।
रविवार को कार्रवाई के दौरान एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया, जो पंजाब के तरनतारन जिले का निवासी है। तस्करों ने शराब को 100 बोरी वॉल पुट्टी के नीचे छिपा रखा था ताकि पुलिस की नजर न पड़े। लेकिन सतर्क टीम ने समय रहते ट्रक को रोक लिया और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस को पहले ही खुफिया सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक बड़ी डिलीवरी बिहार भेजी जा रही है। इसी सूचना के आधार पर अलीनगर थाने और एसओजी की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-19 पर जाल बिछाया और सिंघी ताली पुल के पास ट्रक को रोका।
वॉल पुट्टी की आड़ में छिपी 720 पेटियां शराब
जांच के दौरान जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो टीम भी हैरान रह गई। वॉल पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर कुल 6399 लीटर अवैध शराब की 720 पेटियां रखी गई थीं। शराब की यह खेप बिहार में ऊंचे दामों में बेची जानी थी, जहां इस पर पूरी तरह से प्रतिबंध है।
पुलिस ने जब चालक से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि वह लंबे समय से शराब तस्करी के इस धंधे में लगा है। पंजाब से सस्ते दामों में शराब खरीदकर वह बिहार में दोगुनी-तिगुनी कीमत पर बेचता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
गिरोहबंद अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
ट्रक चालक की पहचान सुखदेव सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के चंबा खुर्द खादूर गांव का निवासी है। पुलिस अब उसे गैंगस्टर एक्ट यानी गिरोहबंद अधिनियम के तहत पाबंद करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क दो से अधिक राज्यों में फैला हुआ है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तफ्तीश का दायरा बढ़ाकर यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी में और कौन-कौन शामिल हैं। बिहार में शराबबंदी के चलते इस तरह की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।
बिहार में साल 2016 से शराब पर पूरी तरह पाबंदी है, लेकिन तस्कर इसका तोड़ निकाल ही लेते हैं। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से शराब मंगाकर बिहार में खपाई जा रही है। यही वजह है कि शराब तस्करी का धंधा वहां मुनाफे का सौदा बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications