Zomato को लगा एक और झटका, को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने दिया इस्तीफा
फूड ऑर्डरिंग ऐप Zomato से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां उसके को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने इस बात की पुष्टि करते हुए उनके नाम एक विदाई संदेश (फेयरवेल मैसेज) भी जारी किया, जिसमें उनकी सेवाओं के लिए मैनेजमेंट ने आभार जताया। वहीं गुप्ता के इस्तीफे की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। वो पिछले साढ़े चार साल से कंपनी से जुड़े हुए थे।

कंपनी पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स के मुताबिक हाल ही के कुछ हफ्तों में ये Zomato को तीसरा झटका है। इसी हफ्ते कंपनी के न्यू इनीशिएटिव हेड राहुल गंजू ने इस्तीफा दिया था। वहीं गुप्ता ने अपने विदाई संदेश में लिखा कि बीते कुछ सालों में हमने जो कुछ भी सीखा है, उस पर मैं सभी को आगे बढ़ते हुए देखना चाहता हूं। अथक बनें और सीखते रहें। साथ ही एक ऐसा आर्गेनाइजेशन बनाएं, जो बाकी दुनिया के लिए एक रोल मॉडल हो।
दूसरी तिमाही में हुआ नुकसान
हाल ही में Zomato ने कंपनी की आर्थिक रिपोर्ट जारी की थी, जिसके मुताबिक उसका घाटा अभी भी बरकरार है, लेकिन ये पिछले साल की तुलना में काफी कम हुआ है। Zomato का घाटा दूसरी तिमाही में कम होकर 250.8 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इसी अवधि में पिछले साल ये 434.9 करोड़ रुपये था। वहीं दूसरी तिमाही में कंपनी को 1661.3 करोड़ की कमाई हुई, जबकि पिछले साल इस अवधि में ये 1024 करोड़ रुपये ही थी।
META से दो बड़े अधिकारियों का हुआ था इस्तीफा
आपको बता दें कि पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी की आहट सुनाई दे रही है, जिस वजह से बड़ी कंपनियां लगातार छंटनी कर रही, तो कई बड़े अधिकारी भी खुद से इस्तीफा दे रहे। अभी कुछ दिनों पहले फेसबुक की मदर कंपनी मेटा को बड़ा झटका लगा था, जहां उसके इंडिया पब्लिक पॉलिसी हेड राजीव अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया। उनके साथ WhatsApp इंडिया के हेड अभिजीत बोस ने भी कंपनी छोड़ी थी।












Click it and Unblock the Notifications