Gold Rate: सोने की कीमत क्यों छू रही है आसमान? क्या ट्रंप के 'टैरिफ' से 2025 में ₹1 लाख तक पहुंच जाएगा गोल्ड?
Gold Price skyrocketing globally: वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच सोने की कीमत आसमान छू रही हैं। सोने की कीमत 3,100 डॉलर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पार कर गई हैं। ग्लोबल मार्केट में गोल्ड फिलहाल 3,111 डॉलर के हाई रिकॉर्ड पर कारोबार कर रहा है। भारतीय घरेलू बाजारों में भी सोने की कीमत 94 हजार रुपये के आसपास है। वहीं 22 कैरेट गोल्ड 82 हजार के पार है।
वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में इजाफा अमेरिकी टैरिफ और संभावित आर्थिक गिरावट की चिंताओं से बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप टैरिफ योजनाओं के लागू होने पर कई देशों पर उच्च व्यापार शुल्क लगाने पर विचार कर रहे हैं। इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि अगर रूस यूक्रेन जंग को खत्म करने के उनके प्रयासों में बाधा डालता है, तो वह रूसी तेल पर 25-50% द्वितीयक शुल्क लगाएंगे। इतना ही नहीं ट्रंप ने ईरान को और अधिक शुल्क लगाने और हवाई हमले करने की धमकी दी है। ये कई कारण हैं, जिसकी वजह से सोने के दाम बढ़ रहे हैं।

क्यों सोने के दामों में हो रहा है इजाफा?
एक्सपर्ट के मुताबिक गोल्ड रेट आने वाले दिनों में और भी महंगे होंगे। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के निदेशक और कमोडिटीज के प्रमुख किशोर नार्ने के मुताबिक सोने की कीमतों में मौजूदा तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए पारस्परिक टैरिफ और बढ़ती मुद्रास्फीति और धीमी वैश्विक आर्थिक बढ़ोतरी के डर से प्रेरित है। इन दबावों के बढ़ने के साथ, निवेशक सुरक्षित-संपत्ति के रूप में सोने की ओर बढ़ रहे हैं।
मिंट के मुताबिक कामा ज्वेलरी के एमडी कॉलिन शाह ने कहा, "इस साल की शुरुआत से ही सोने की कीमतें कई नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। सोने के दामों में बढ़ोतरी हाल ही में ट्रंप द्वारा टैरिफ की धमकियों के कारण दुनिया भर में फैली अनिश्चितता को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप घोषणा की है कि इस सप्ताह तक सभी देशों पर टैरिफ लगाए जाएंगे, जिससे सोने की कीमतें और बढ़ रही हैं। इसके अलावा रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव अन्य कारक हैं जो सोने की कीमतों को बढ़ा रहे हैं।''
क्या 2025 में ₹1 लाख तक पहुंच जाएगा गोल्ड रेट?
वर्तमान में MCX पर सोना 92,100 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जो 1 लाख के निशान से लगभग 8,000 दूर है। एक लाख रुपये तक सोने की कीमत होने में सिर्फ 10% की बढ़ोतरी होगी।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक श्रीराम अय्यर के मुताबिक, ''घरेलू बाजार के लिए, कीमतों में बढ़ोतरी के लिए एक प्रमुख कारक कमजोर रुपया होगा, और मुद्रा के और कमजोर होने से 1 लाख की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी। हम इस साल सोना 1 लाख तक पहुंचने की उम्मीद कर सकतेहैं। किन अगर आर्थिक स्थिरता लौटती है और केंद्रीय बैंक सख्त मौद्रिक नीति बनाए रखते हैं, तो सोने की बढ़ोतरी उतनी नहीं होगी।''
अबांस फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता के मुताबिक, ''हमें उम्मीद नहीं है कि 2025 में सोने की कीमतें 1 लाख तक पहुंच जाएंगी। अधिकांश तेजी वाले कारकों की कीमत पहले ही तय हो चुकी है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए हम कह सकते हैं कि इस साल गोल्ड रेट एक लाख के पार नहीं जाएगा।''












Click it and Unblock the Notifications