पहली बार UPI से एक महीने में 25 अरब ट्रांजैक्शन , रोजाना 1 लाख करोड़ पार, किन चीजों पर लोगों ने खर्च किए पैसे?

त्योहारों के इस सीजन में देश के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम ने एक नया इतिहास रच दिया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में यूपीआई (UPI) के जरिए लेन-देन का आंकड़ा 25 अरब (25.47 बिलियन) के पार निकल गया है।

इतना ही नहीं भारत के इतिहास में पहली बार हर दिन औसतन 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का लेन-देन रिकॉर्ड किया गया है। मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) चार्ज को लेकर चल रही बहसों के बावजूद लोगों के ऑनलाइन पेमेंट करने की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई है। आइए समझते हैं कि त्योहारों ने डिजिटल पेमेंट के आंकड़े कैसे बदल दिए।

UPI Transactions October

UPI Record: अक्टूबर के महीने में टूटे रिकॉर्ड

NPCI के जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में कुल 25.47 अरब ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए, जिनकी कुल वैल्यू 31.53 लाख करोड़ रुपये रही। सितंबर में यह आंकड़ा 24.07 अरब ट्रांजेक्शन और 29.37 लाख करोड़ रुपये का था। यानी सिर्फ एक महीने में ट्रांजेक्शन की संख्या में 5.8% और पैसों की वैल्यू में 7.4% की बढ़ोतरी देखी गई। अगर पिछले साल के अक्टूबर से तुलना करें, तो वॉल्यूम में 23 फीसदी की जबरदस्त बढ़त दर्ज हुई है, जबकि वैल्यू के मामले में 16 फीसदी का इजाफा हुआ है।

पहली बार रोज का लेन-देन 1 लाख करोड़ के पार

अक्टूबर में रोजाना का औसत भी एक नए स्तर पर पहुंच गया। सितंबर में जहां रोज औसतन 802 मिलियन (80.2 करोड़) लेन-देन हो रहे थे, वहीं अक्टूबर में यह बढ़कर 822 मिलियन (82.2 करोड़) प्रतिदिन हो गया। सबसे खास बात यह रही कि औसतन रोजाना लेन-देन की वैल्यू 97,913 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,01,707 करोड़ (1.01 लाख करोड़) रुपये पर पहुंच गई।

पूरे महीने में सबसे ज्यादा 873 मिलियन ट्रांजेक्शन का पीक 9 अक्टूबर को देखा गया, जब नवरात्रि शुरू होने वाली थी। 19 अक्टूबर (दशहरा से एक दिन पहले) तक यह रफ्तार बनी रही।

त्योहारों और ऑनलाइन सेल की वजह से आया उछाल

पेमेंट कंपनी कैशफ्री के को-फाउंडर रीजू दत्ता के मुताबिक, "अक्टूबर में नवरात्रि और बड़े E-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की सेल होने से यह उछाल आया। लोगों ने अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के अलावा बड़ी खरीदारी के लिए भी यूपीआई का जमकर इस्तेमाल किया।"

उन्होंने यह भी बताया कि इस बार धनतेरस और दिवाली नवंबर में पड़ने की वजह से अक्टूबर में वैल्यू ग्रोथ 16% रही, क्योंकि सबसे बड़ी खरीदारी वाले दिन अभी आगे आने वाले हैं। अमेजन के ग्रेट इंडियन फेस्टिवल और फ्लिपकार्ट के बिग बिलियन डेज जैसे इवेंट्स ने डिजिटल लेन-देन को बड़ा सहारा दिया

महंगे मोबाइल और लैपटॉप के बावजूद खरीदारी कितनी बढ़ी?

UPI के रिकॉर्ड आंकड़ों के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार की तस्वीर थोड़ी अलग है। यह रिकॉर्ड बढ़त तब देखने को मिली है जब मेमोरी चिप महंगी होने की वजह से स्मार्टफोन, लैपटॉप और होम एप्लायंसेज के दाम पिछले कुछ महीनों में 30 से 40 फीसदी तक बढ़ चुके हैं। इसकी वजह से ई-कॉमर्स कंपनियों की प्रीमियम इलेक्ट्रॉनिक्स बिक्री पिछले साल से 10-12% कम दर्ज की गई।

इसके बावजूद अन्य रिटेल सेगमेंट और रोजमर्रा की खरीदारी ने आंकड़ों को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। राहत की बात यह भी रही कि सरकार ने यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर (MDR) शुल्क का फैसला दिवाली के बाद तक के लिए टाल दिया है, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों को बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के पेमेंट करने की सुविधा मिली।

धनतेरस और दिवाली पर नवंबर में और बड़े आंकड़े आने की उम्मीद

डिजिटल लेंडिंग प्लेटफॉर्म 'फाइब' के एमडी और ग्रुप सीईओ अक्षय मेहरोत्रा का कहना है कि नवंबर का महीना यूपीआई के लिए और भी बड़ा साबित होने वाला है। धनतेरस और दिवाली जैसे मौकों पर लोग सोने-चांदी, आभूषण और पारंपरिक चीजों की भारी खरीदारी करते हैं, जिससे हाई-वैल्यू ट्रांजेक्शन में भारी बढ़ोतरी होना लगभग तय है। फिनटेक कंपनियों को उम्मीद है कि नवंबर में डिजिटल ट्रांजेक्शन का यह रिकॉर्ड और आगे जाएगा।

कैशफ्री के रीजू दत्ता के मुताबिक, इस सीजन की सबसे बड़ी खरीदारी अभी बाकी थी, इसलिए नवंबर में भी मजबूत बढ़त की उम्मीद है। उनके मुताबिक, त्योहार खत्म होने के बाद यह देखना अहम होगा कि लोग यूपीआई से बड़े भुगतान करना जारी रखते हैं या नहीं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+