सोने की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी, 40 हजार के पार हुई 10 ग्राम सोने की कीमत, जानिए आज का भाव
नई दिल्ली। शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमत में बड़ी तेजी आई। सोने की कीमत में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार 3 जनवरी को सोना 40 हजार के पास हो गया। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की वजह से सोने की कीमत में बड़ी तेजी आई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में सोने के दाम में 752 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी देखने को मिली। सोने के साथ- साथ चांदी की कीमत में भी बड़ी उछाल आई। चांदी 960 रुपए महंगा हो गया।
सोने की कीमत में बड़ी तेजी
शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सोने की कीमत में बड़ी बढ़ोतरी हुई। सोना 752 रुपए महंगा हो गया। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 39900 रुपए से बढ़कर 40,652 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं इससे पहले दिन गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 39,854 रुपए से बढ़कर 39,892 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था।
चांदी की कीमत में आई तेजी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी तेजी आई। शुक्रवार को चांदी की कीमत 960 रुपए प्रति किलोग्राम चढ़कर 48870 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 47,910 रुपए बढ़कर 48,870 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार की बात करें तो न्यूयॉर्क में सोना 1,547 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 18.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है।
क्यों आई सोने-चांदी की कीमत में तेजी
बाजार एक्सपर्ट्स के मुताबिक वैश्विक बाजार में मची हलचल के कारण निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर पीली धातु को चुना, जिसका असर सोने की कीमत पर दिखा। अमेरिका के हवाई हमले में ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी की मौत की खबर आने के बाद से खाड़ी देशों में तनाव बढ़ा, जिसके चलते निवेशकों की ओर से बढ़ी सेफ इन्वेस्टमेंट डिमांड के चलते सोने की कीमत में इस साल की सबसे बड़ी तेजी देखी गई। कुल मिलाकर सोने में आई तेजी का कारण जियोपॉलिटिकल टेंशन है। वहीं इस तनाव की वजह से क्रूड के दाम 4 फीसदी तक बढ़ गए है।