Bitcoin से Elon Musk का मोहभंग! मस्क के एक ट्वीट के बाद धड़ाम हुआ डिजिटल टोकन
नई दिल्ली, 13 मई। पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन का समर्थन कर रहे एलन मस्क ने अब इस डिजिटल टोकन पर यू टर्न लिया है। मस्क के मुंह फेरते ही बिटकॉइन की कीमत में तेजी से गिरावट आई और गुरुवार को यह एशियाई बाजार में 17 प्रतिशत तक नीचे आ गई।

मस्क ने ट्वीट कर दी जानकारी
ये सब शुरू हुआ एलन मस्क के एक ट्वीट के साथ जिसमें उन्होंने घोषणा की है कि टेस्ला ने वाहनों की खरीद के लिए बिटकॉइन पेमेंट को रोक दिया है।
इस साल फरवरी में इलेक्ट्रॉनिक कार निर्माता टेस्ला ने बिटकॉइन में 1.5 अरब डॉलर के निवेश की जानकारी दी थी। इसके कुछ समय बाद ही कंपनी सीईओ एलन मस्क ने ट्विवटर पर घोषणा की थी कि टेस्ला वाहनों की खरीद के बदले बिटकॉइन पेमेंट के रूप में स्वीकार करेगी। अब दो महीने बाद मस्क ने ट्वीट पर ही बिटकॉइन पेमेंट को रोकने की जानकारी दी है।
बिटकॉइन को स्वीकार न करने के पीछे एलन मस्क ने पर्यावरण को खतरे को वजह बताया है। मस्क ने लिखा है कि "हम बिटकॉइन माइनिंग और ट्रांजेक्शन में खर्च होने वाले जीवाश्व ईंधन को लेकर चिंतित हैं। खासतौर पर कोयले को लेकर जो कि सबसे ज्यादा कार्बन उत्सर्जन करता है।"

दो घंटे में 17 प्रतिशत की गिरावट
उन्होंने आगे लिखा है कि "क्रिप्टोकरेंसी कई मामलों में अच्छा विचार है और हम इसके भरोसेमंद भविष्य में विश्वास करते हैं लेकिन यह पर्यावरण को भारी नुकसान की कीमत पर नहीं आ सकता।"
एलन मस्क के इस ट्वीट के बाद बिटकॉइन में तेजी से गिरावट देखी गई और यह 17 प्रतिशत नीचे पहुंच गई। मस्क के ट्वीट करने के मात्र दो घंटे के अंदर दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी 54,819 डॉलर से लुढ़ककर 45,700 डॉलर पर पहुंच गई जो कि 1 मार्च के बाद से सबसे कम कीमत है। हालांकि इसने बाद में रिकवरी की और 50,196 डॉलर की कीमत हासिल कर ली।

बिटकॉइन क्यों पर्यवरण के लिए सही नहीं?
बिटकॉइन एक क्रिप्टोकरेंसी है जिसे माइनिंग के जरिए तैयार किया जाता है। यह माइनिंग एक तरह की ब्लॉकचेन कोडिंग होती है जिसके लिए बहुत ही हाईटेक कम्यूटरों की मदद पड़ती है। इस तरह से माइनिंग करने और फिर करेंसी के ट्रांजेक्शन में भारी मात्रा में ऊर्जा खर्च होती है। चूंकि अधिकांश जगहों पर बिजली थर्मल पॉवर प्लांट में बनती है जिसमें भारी मात्रा में कोयले का इस्तेमाल होता है।
यही वजह है कि बिटकॉइन के आलोचक इसके निर्माण में अधिक ऊर्जा खपत के चलते इसे पर्यावरण के लिए खतरा बताते हैं। एलन मस्क की कंपनी टेस्ला इलेक्ट्रॉनिक कार बनाती है जिसे प्रदूषण पैदा करने वाली पेट्रोल और डीजल कारों का भविष्य में विकल्प माना जा रहा है। ऐसे में एक तरफ टेस्ला अपनी कार के जरिए प्रदूषण को बचाने का दावा करती है वहीं दूसरी तरफ उसी कंपनी में बिटकॉइन जैसी भारी ऊर्जा खपत करने वाली करेंसी का समर्थन करना विरोधाभास पैदा करता है।
कहा जा रहा है कि एलन मस्क निवेशकों में ये भरोसा जताना चाह रहे हैं कि वह पर्यावरण के खतरे के प्रति चिंतित हैं और उनका ध्यान केवल मुनाफा कमाना भर नहीं है। इसके साथ ही मस्क पिछले कुछ दिनों से एक दूसरी क्रिप्टोकरेंसी डोजकॉइन का समर्थन करते दिख रहे हैं। डोजकॉइन तेजी से पॉपुलर हो रही है। यही वजह है कि निवेशक इसे लोगों की क्रिप्टोकरेंसी भी कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications