Silver Price Shock: चांदी ने कराई सबकी चांदी, 19 दिन में 65000 महंगी, 167% का तगड़ा रिटर्न, अब खरीदें या नहीं?
Silver Rate In India: साल 2026 की शुरुआत चांदी के लिए किसी तूफान से कम नहीं रही है। जैसे ही नया साल शुरू हुआ, चांदी ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि निवेशक ही नहीं, आम लोग भी चौंक गए। जनवरी के सिर्फ 19 दिनों में चांदी के भाव ने जबरदस्त छलांग लगाई है और हर जगह इसी की चर्चा हो रही है। कोई पूछ रहा है कि यह तेजी कहां जाकर थमेगी, तो कोई यह सोच रहा है कि अब भी निवेश का मौका बचा है या नहीं। बीते कुछ महीनों में चांदी ने जो रिटर्न दिया है, उसने सोने समेत कई निवेश विकल्पों को पीछे छोड़ दिया है।
जनवरी में ही ₹65 हजार महंगी हुई चांदी (Silver price monthly return)
पिछले साल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद चांदी ने 2026 की शुरुआत से ही गदर मचा रखा है। आंकड़े खुद इसकी गवाही दे रहे हैं। Silver Price In January 2026 में अब तक करीब ₹65,614 प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को जहां चांदी की कीमत ₹2,35,701 प्रति किलो थी, वहीं 19 जनवरी 2026 तक यह उछलकर ₹3,01,315 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। यानी कुछ ही दिनों में कीमतों ने लंबी छलांग लगा ली।

2025 में चांदी ने किया कमाल, 167% रिटर्न
चांदी का असली जलवा साल 2025 में देखने को मिला। पूरे साल के दौरान चांदी ₹1,44,403 यानी करीब 167 प्रतिशत महंगी हुई। 31 दिसंबर 2024 को जहां 1 किलो चांदी का भाव ₹86,017 था, वहीं 31 दिसंबर 2025 को यह ₹2,30,420 प्रति किलो तक पहुंच गया। इतना जोरदार रिटर्न बहुत कम निवेश विकल्प दे पाए।
3 लाख के पार पहुंची चांदी, इतिहास में पहली बार (Silver price crosses 3 lakh)
सोना और चांदी दोनों को लेकर गिरावट के तमाम अनुमान धरे के धरे रह गए। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को चांदी ने बाजार खुलते ही ऐसा धमाका किया कि 1 किलो चांदी का भाव पहली बार ₹3 लाख के पार निकल गया। MCX पर ओपन होते ही चांदी ₹13,553 चढ़ गई और ₹3,01,315 प्रति किलो के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई। इससे पहले शुक्रवार को MCX पर चांदी ₹2,87,762 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
एक महीने में निवेशकों को करीब ₹1 लाख का फायदा
अगर सिर्फ एक महीने की बात करें तो चांदी ने निवेशकों को चौंका दिया है। करीब एक महीने पहले चांदी का भाव ₹1.97 लाख के आसपास था, जो अब ₹2.90 लाख के पार पहुंच चुका है। यानी महज एक महीने में करीब ₹1 लाख का सीधा फायदा। यही वजह है कि अब हर दूसरा निवेशक चांदी की तरफ झुकता नजर आ रहा है।
6 महीने में पैसा डबल से भी ज्यादा
पिछले छह महीनों में चांदी की चमक सबसे ज्यादा देखने को मिली है। करीब छह महीने पहले चांदी ₹1.17 लाख प्रति किलो के आसपास थी। अब वही चांदी ₹2.90 लाख के करीब पहुंच गई है। यानी छह महीने में निवेश डबल से भी ज्यादा हो गया। इस दौरान सोने ने भी अच्छा रिटर्न दिया, लेकिन चांदी ने उसे भी पीछे छोड़ दिया।
मोतीलाल ओसवाल का बड़ा अनुमान
चांदी की इस तेजी को लेकर ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने भी बड़ा अनुमान जताया है। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में चांदी ₹3.20 लाख प्रति किलो तक जा सकती है। यानी मौजूदा स्तर से अभी और तेजी की गुंजाइश बताई जा रही है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2025 में चांदी ने करीब 170 प्रतिशत तक का रिटर्न दिया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
क्यों लगातार बढ़ रहे हैं चांदी के दाम (why Silver Rate Hike)
जानकारों के मुताबिक, दुनिया भर में बढ़ता तनाव और अनिश्चित माहौल इसकी बड़ी वजह है। जब हालात अस्थिर होते हैं, तो निवेशक सुरक्षित विकल्पों की तरफ रुख करते हैं। इसके अलावा चांदी की मांग अब सिर्फ गहनों तक सीमित नहीं रही। सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक गाड़ियां, बिजली उपकरण और पावर सेक्टर में चांदी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। मांग ज्यादा है और सप्लाई उतनी नहीं बढ़ पा रही, इसी वजह से भाव ऊपर जा रहे हैं।
क्या अभी चांदी में निवेश करना सही (Silver investment)
चांदी अब एक नई ऊंची रेंज में पहुंच चुकी है और आगे उतार-चढ़ाव भी तेज हो सकता है। जानकार मानते हैं कि लंबी अवधि में चांदी में दम है, लेकिन बहुत ऊंचे स्तर पर एक साथ निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। अगर आप निवेश की योजना बना रहे हैं, तो अपने बजट और जरूरत को ध्यान में रखें और किसी फाइनेंशियल सलाहकार से सलाह जरूर लें। चमक जितनी ज्यादा है, सावधानी उतनी ही जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications