रिलायंस रिटेल में 1875 करोड़ का निवेश करेगी सिल्वर लेक, तीन हफ्ते के अंदर चौथी बड़ी डील
नई दिल्ली: लॉकडाउन में जहां एक ओर सारी प्राइवेट कंपनियां घाटे में जा रही हैं, तो वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। जियो के बाद अब RIL के चेयरमैन मुकेश अंबानी का फोकस रिलायंस रिटेल को मजबूत करने पर है। जिस वजह से लगातार उसमें नए निवेशकों के जुड़ने का सिलसिला जारी है। अब प्राइवेट इक्विटी फर्म सिल्वर लेक, रिलायंस रिटेल में 1875 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी। तीन हफ्तों के अंदर रिलायंस के रिटेल कारोबार में ये चौथा बड़ा निवेश है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुताबिक सिल्वर लेक और उसके सह निवेशकों की ओर से रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में किए गए निवेश की राशि अब 9375 करोड़ रुपये पहुंच गई है। इसके साथ ही उनकी हिस्सेदारी कंपनी में 2.13 प्रतिशत की है। इस निवेश के लिए रिलायंस रिटेल की प्री-मनी इक्विटी वैल्यू करीब 4.285 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। सिल्वर लेक एयरबीएनबी, ट्विटर और रिलायंस डिजीटल में भी इससे पहले पैसा लगा चुकी है।
इस निवेश पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि सिल्वर लेक और इसके सह-निवेशक सभी भारतीयों के फायदे और भारतीय रिटेल को बदलने के लिए हमारी यात्रा के मूल्यवान साझेदार हैं। हम उनके आत्मविश्वास और समर्थन के साथ-साथ वैश्विक प्रौद्योगिकी निवेश में उनके नेतृत्व के लाभ और भारत में खुदरा क्रांति के लिए उनके संबंधों के मूल्यवान नेटवर्क से खुश हैं। सिल्वर लेक का अतिरिक्त निवेश भारतीय रिटेल की जबरदस्त क्षमता और रिलायंस रिटेल की क्षमताओं का एक मजबूत समर्थन है।
एक और बड़ा निवेश
जनरल अटलांटिक रिलायंस रिटेल में 3675 करोड़ रुपए का निवेश करने जा रही है। इस निवेश के साथ ही जनरल अटलांटिक रिलायंस रिटेल में 0.84 फीसदी इक्विटी हासिल करेगी। बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड ने इस निवेश की घोषणा की। इस निवेश से रिलायंस रिटेल की प्री-मनी इक्विटी को 4.285 लाख करोड़ रुपए आंका गया। इस निवेश के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेस अंबानी ने कहा वो इस साझेदारी से बेहद खुश हैं।












Click it and Unblock the Notifications