Credit Card Limit: जानिए कब आपको बढ़ानी चाहिए अपनी क्रेडिट कार्ड की लिमिट
Credit Card Limit: क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ा सवाल यह भी होता है कि क्या उन्हें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ानी चाहिए। इसके लिए कुछ जरूरी बातें हैं जिनका खयाल रखना काफी जरूरी होता है।

Credit Card Limit: अगर आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो बैंक आपको एक तय सीमा देता है जिसके तहत आप पैसे का इस्तेमाल कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड मुहैया कराने वाला बैंक ग्राहकों को 50 दिन तक ब्याजमुक्त पैसा देता है, इसी वजह से लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं।
लेकिन जब भी आपके बैंक की ओर से आपको एक तय क्रेडिट लिमिट दी जाती है और आप इसका इस्तेमाल करते हैं तो बैंक आपको क्रेडिट लिमिट बढ़ाने का ऑफर देता है। ऐसे में हर किसी के मन में सवाल खड़ा होता है कि क्या उसे क्रेडिट लिमिट को बढ़ाना चाहिए या नहीं। आपके इसी सवाल का जवाब हम इस लेख के जरिए लेकर आए हैं।
अगर आप क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के बारे में सोच रहे हैं तो इसके लिए आपको मुख्य रूप से इन पांच बातों का खयाल रखने की जरूरत है।
वित्तीय अनुशासन
क्रेडिट कार्ड को इस्तेमाल करने की मौलिक शर्त होती है कि आप इसे अनुशासित तरह से इस्तेमाल करें। अगर आप समय पर क्रेडिट कार्ड के खर्च का भुगतान करते हैं, बिना जरूरत क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं करते हैं, खर्च के समय खुद पर नियंत्रण रखते हैं और जिम्मेदारी के साथ इसका इस्तेमाल करते हैं तो आप लिमिट को बढ़ा सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड की लिमिट का इस्तेमाल
क्रेडिट कार्ड की कुल तय सीमा का कितना फीसदी आप खर्च करते हैं, यह काफी मायने रखता है, क्योंकि इसका असर सीधे आपके क्रेडिट स्कोर पर पड़ता है। अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड की 80-90 फीसदी लिमिट को इस्तेमाल करते हैं तो यह कतई आपके क्रेडिट स्कोर के लिए ठीक नहीं है।
कर्ज का बेहतर मैनेजमेंट
आपात स्थिति में अतिरिक्त क्रेडिट लिमिट आपके लिए काफी मददगार साबित होती है। लेकिन इसके लिए आपको कर्ज को बेहतर तरह से मैनेज करना आना चाहिए। आप जो भी क्रेडिट लिमिट इस्तेमाल कर रहे हैं उसे तय समय में कैसे वापस करेंगे इसकी पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। ऐसा नहीं करने पर आप हायर क्रेडिट लिमिट की वजह से कर्ज के बोझ तले दब सकते हैं।
खर्च करने की आदत
आपकी खर्च करने की आदत कैसी है यह काफी मायने रखती है क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में। हर महीने अगर आप एक अधिक राशि खर्च करते हैं तो इससे आपका कर्ज बढ़ता रहता है जोकि आपकी वित्तीय स्थिति को बिगाड़ सकता है। भावुक होकर खरीदारी करने और बिना जरूरत की खरीदारी करने पर आपके लिए हायर क्रेडिट लिमिट नुकसानदेय हो सकती है।
लंबी अवधि के वित्तीय लक्ष्य
अगर आप घर खरीदने, बिजनेस शुरू करने आदि के लिए क्रेडिट लिमिट बढ़वाने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए नुकसानदेय हो सकता है। इसके लिए आपको लंबी अवधि के वित्तीय लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसके लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications